Hastakshep.com-समाचार-मणिपुर में राष्ट्रपति शासन: क्या हैं इसके पीछे के कारण,क्या राष्ट्रपति शासन से मणिपुर में शांति बहाल होगी,

मणिपुर में राष्ट्रपति शासन: क्या हैं इसके पीछे के कारण?

  • सीएम एन बीरेन सिंह के इस्तीफे के बाद बड़ा फैसला
  • राहुल गांधी की प्रतिक्रिया: क्या कहा विपक्ष ने?

क्या राष्ट्रपति शासन से मणिपुर में शांति बहाल होगी?

अब आगे क्या? मणिपुर के राजनीतिक भविष्य पर चर्चा

नई दिल्ली, 14 फरवरी 2025. मणिपुर से इस वक़्त की सबसे बड़ी खबर सामने आई है! मुख्यमंत्री पद से एन बीरेन सिंह के इस्तीफे के बाद आखिरकार मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लागू कर दिया गया है, लेकिन सवाल ये है कि क्या यह फैसला मणिपुर में शांति बहाल कर पाएगा? इस मुद्दे पर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर बड़ा हमला बोला है।

मुख्यमंत्री पद से  एन बीरेन सिंह के इस्तीफे के चंद दिनों बाद ये फ़ैसला लागू किया है। बता दें कि बीती 9 फरवरी को एन बीरेन सिंह ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफ़ा दे दिया था, जिसके बाद राज्यपाल अजय भल्ला ने राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू करने की सिफारिश कर दी और अब आखिरकार राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू हो गया है।

राज्य में मैतेई और कुकी समुदायों के बीच हो रही हिंसा के चलते बीरेन सिंह की लगातार आलोचना हो रही थी। विपक्ष लंबे समय से उनके इस्तीफ़े की भी मांग मांग कर रहा था।

मणिपुर में राष्ट्रपति शासन की घोषणा करते हुए गृह मंत्रालय से जारी अधिसूचना में कहा गया है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का मानना है कि ‘ऐसी स्थिति उत्पन्न हो गई है जिसमें इस राज्य की सरकार संविधान के प्रावधानों के अनुसार नहीं चल सकती। अब, संविधान के अनुच्छेद 356 द्वारा प्रदत्त शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए, मैं घोषणा करती हूं कि मैं भारत के राष्ट्रपति के रूप में मणिपुर राज्य सरकार के सभी कार्यों और इस राज्य के राज्यपाल द्वारा

निहित या प्रयोग की जाने वाली सभी शक्तियों को अपने अधीन करती हूं।'

अधिसूचना में विधानसभा को निलंबित करने की भी बात कही गई है। इसे लेकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा-

"मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लागू करना भाजपा द्वारा मणिपुर में शासन करने में अपनी पूर्ण अक्षमता की देर से की गई स्वीकारोक्ति है।

अब, प्रधानमंत्री मोदी मणिपुर के लिए अपनी प्रत्यक्ष जिम्मेदारी से इनकार नहीं कर सकते।

क्या उन्होंने आखिरकार राज्य का दौरा करने और मणिपुर और भारत के लोगों को शांति और सामान्य स्थिति बहाल करने की अपनी योजना के बारे में बताने का मन बना लिया है?"

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि राष्ट्रपति शासन के बाद मणिपुर में शांति बहाल होगी या हालात और बिगड़ेंगे? क्या केंद्र सरकार जल्द चुनाव कराएगी? क्या मणिपुर में हिंसा अब थमेगी?

Web Title: President's rule imposed in Manipur: Government fails to restore peace?