विश्व हेपेटाइटिस दिवस 2025 की थीम क्या है?

  • हेपेटाइटिस: क्यों कहा जाता है 'साइलेंट किलर'?
  • हेपेटाइटिस के प्रकार और इसके फैलने के कारण
  • लक्षण जो संकेत देते हैं कि आपको हेपेटाइटिस हो सकता है
  • हेपेटाइटिस से बचाव और इलाज के विकल्प
  • WHO का 2030 तक का लक्ष्य और भारत की चुनौती

डॉ. बारुच ब्लमबर्ग: जिन्होंने बचाई करोड़ों जानें

28 जुलाई को मनाया जाने वाला विश्व हेपेटाइटिस दिवस 2025 'Hepatitis: Let's Break It Down' थीम पर केंद्रित है। जानिए हेपेटाइटिस के प्रकार, लक्षण, बचाव, वैक्सीन और WHO का 2030 तक खत्म करने का लक्ष्य

नई दिल्ली, 28 जुलाई 2025: लिवर को प्रभावित करने वाली बीमारी हेपेटाइटिस (Hepatitis, a disease affecting the liver) के बारे में जागरूकता फैलाने और समय रहते इससे लड़ने के उपाय करने के उद्देश्य से हर साल 28 जुलाई को 'विश्व हेपेटाइटिस दिवस' के रूप में मनाया जाता है। हेपेटाइटिस को चिकित्सा जगत में 'साइलेंट किलर' कहा जाता है।

विश्व हेपेटाइटिस दिवस 2025 की थीम

इस वर्ष विश्व हेपेटाइटिस दिवस थीम 'हेपेटाइटिस: लेट्स ब्रेक इट डाउन' ('Hepatitis: Let's Break It Down'), अब वक्त आ गया है कि हेपेटाइटिस से जुड़ी हर बाधा को तोड़ा जाए। यह एक वैश्विक अपील है कि हेपेटाइटिस जैसी गंभीर बीमारी से निपटने के लिए अब हमें सतही नहीं, जमीनी स्तर पर काम करना होगा।

डब्ल्यूएचओ का 2030 तक हेपेटाइटिस को सार्वजनिक स्वास्थ्य संकट की सूची से बाहर किए जाने का लक्ष्य है। दुनिया भर में करोड़ों लोग हेपेटाइटिस 'बी' या 'सी' के साथ जी रहे हैं। यह बीमारी हर साल 13 लाख से अधिक लोगों की जान लेती है। यह संख्या एचआईवी, मलेरिया और टीबी जैसी बीमारियों के कारण होने वाली मौतों की संख्या से भी अधिक है।

हेपेटाइटिस के बचाव और इलाज के उपाय मौजूद हैं। खासकर हेपेटाइटिस बी और सी लंबे समय तक शरीर को प्रभावित करके लिवर सिरोसिस, लिवर फेल्योर और लिवर कैंसर जैसे जानलेवा मामलों की संख्या को बढ़ा देते हैं।

विश्व हेपेटाइटिस दिवस क्यों मनाया जाता है ?

विश्व हेपेटाइटिस दिवस डॉ. बारुच ब्लमबर्ग के जन्मदिवस (Dr. Baruch Blumberg Birthday) पर मनाया जाता है। उन्होंने 1967 में हेपेटाइटिस बी वायरस की खोज की और दो साल बाद इसकी पहली वैक्सीन बनाई। इस अद्भुत योगदान के लिए उन्हें 1976 में नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया गया। आज जब दुनिया उनकी इस खोज की बदौलत करोड़ों लोगों की जान बचा पा रही है, तो इस दिन को उनके सम्मान और प्रेरणा के रूप में देखा जाता है।

हेपेटाइटिस कितने प्रकार के होते हैं ?

हेपेटाइटिस कई प्रकार के होते हैं- ए, बी, सी, डी और ई। हेपेटाइटिस ए और ई दूषित भोजन और पानी से फैलते हैं, जबकि बी, सी और डी खून और शरीर के तरल पदार्थों के संपर्क से। संक्रमित सिरिंज, असुरक्षित यौन संबंध और संक्रमित रक्त से ट्रांसफ्यूजन जैसी स्थितियों में इसके फैलने की आशंका अधिक होती है।

सर्वाधिक चिंता की बात यह है कि इस बीमारी के कई मरीज वर्षों तक किसी लक्षण के बिना ही जीते रहते हैं। जब तक थकावट, बुखार, भूख की कमी, पेट दर्द, गहरे रंग का पेशाब और त्वचा व आंखों का पीला होना जैसे लक्षण दिखते हैं, तब तक संक्रमण खतरनाक स्तर तक पहुंच चुका होता है।

हेपेटाइटिस का समय पर पता चलना और इलाज मिलना बेहद जरूरी है, वरना यह यकृत को पूरी तरह बर्बाद कर सकता है।

हालांकि, राहत की बात यह है कि हेपेटाइटिस ए और बी की वैक्सीन मौजूद है और हेपेटाइटिस सी अब पूरी तरह से इलाज योग्य है। लेकिन ज्यादातर लोग जांच कराने तक नहीं पहुंच पाते। जागरूकता की कमी, संसाधनों की अनुपलब्धता और सामाजिक कलंक जैसी बाधाएं अभी भी इसकी रोकथाम में रोड़े अटका रही हैं।

भारत जैसे देश में, जहां ग्रामीण और वंचित समुदायों में स्वास्थ्य सुविधाएं सीमित हैं, वहां इस बीमारी की रोकथाम एक बड़ी चुनौती है।

डब्ल्यूएचओ की रणनीति 2022–2030 के तहत लक्ष्य है कि 2030 तक नए संक्रमणों को 90 फीसदी और मौतों को 65 फीसदी तक कम किया जाए। लेकिन अगर तुरंत और ठोस कदम नहीं उठाए गए तो हेपेटाइटिस अकेले 2030 तक 95 लाख नए संक्रमण, 21 लाख लिवर कैंसर और 28 लाख मौतों की वजह बन सकता है।

हेपेटाइटिस से लड़ाई लड़ना सिर्फ डॉक्टरों या सरकारों का काम नहीं है; यह हम सभी की जिम्मेदारी है। जागरूक बनें, दूसरों को जागरूक करें, समय पर जांच कराएं और जरूरत पड़ने पर इलाज शुरू करें।

Live Updates

  • 28 July 2025 7:56 PM IST

    बारूक सैमुअल ब्लमबर्ग के विषय में जानकारी

    बारूक सैमुअल ब्लमबर्ग के विषय में जानकारी

    बारूक सैमुअल ब्लमबर्ग (Baruch Samuel Blumberg 28 जुलाई, 1925 - 5 अप्रैल, 2011), जिन्हें बैरी ब्लमबर्ग (Barry Blumberg) के नाम से जाना जाता है, एक अमेरिकी चिकित्सक, आनुवंशिकीविद् और 1976 में शरीरक्रिया विज्ञान या चिकित्सा में नोबेल पुरस्कार के सह-प्राप्तकर्ता थे (डैनियल कार्लटन गजडुसेक के साथ)। उन्हें एनआईएच और फॉक्स चेज़ कैंसर में अन्वेषक के रूप में हेपेटाइटिस बी वायरस पर उनके शोध के लिए यह पुरस्कार मिला था। वे 2005 से अपनी मृत्यु तक अमेरिकन फिलॉसॉफिकल सोसाइटी के अध्यक्ष रहे।


    Baruch Samuel Blumberg by Tom Trower (NASA)