कैसे हुए वरिष्ठ पत्रकार विनोद वर्मा गिरफ्तार
कैसे हुए वरिष्ठ पत्रकार विनोद वर्मा गिरफ्तार
देशबन्धु, बीबीसी और अमर उजाला जैसे संस्थानों में अपनी सेवाएं दे चुके वरिष्ठ पत्रकार विनोद वर्मा को छत्तीसगढ़ पुलिस ने गाजियाबाद से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक वरिष्ठ पत्रकार विनोद वर्मा पर छत्तीसगढ़ के नेता को ब्लैकमेल करने का आरोप लगा है। कहा जा रहा है कि विनोद वर्मा के पास भाजपा नेता की अश्लील सीडी थी। इसीलिए उनकी गिरफ्तारी हुई है।
छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के मीडिया सेल का काम देख रहे विनोद वर्मा के खिलाफ रायपुर के पंडरी थाने में IPC 384 और 506 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
दरअसल प्रकाश बजाज नामक व्यक्ति ने पंडरी पुलिस स्टेशन में एक अज्ञात कॉलर द्वारा फोन पर परेशान किए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। फोन करने वाले व्यक्ति ने उसे कहा था कि उसके पास उसके आका की एक सीडी है।
कहा जा रहा है कि विनोद वर्मा के पास एक सीडी थी, जिसमें कथित तौर पर छत्तीसगढ़ के रसूखदार मंत्री राजेश मूणत एक लड़की से साथ आपत्तिजनक अवस्था में नजर आ रहे थे।
इस बीच आज दोपहर छत्तीसगढ़ भाजपा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जिसमें मंत्री राजेश मूणत ने सीडी को फर्जी बताया है। पुलिस ने विनोद वर्मा के घर से करीब 500 सीडी भी बरामद करने का दावा किया है। इसके अलावा पुलिस को 2 लाख रुपये भी मिले हैं। वहीं अपनी गिरफ्तारी के बाद वरिष्ठ पत्रकार विनोद वर्मा ने एक न्यूज चैनल से बातचीत में दावा किया कि उनके पास छत्तीसगढ़ के एक मंत्री की सेक्स सीडी है, इसीलिए सरकार उन्हें फंसा रही है।
छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने भी विनोद वर्मा की गिरफ्तारी की निंदा की है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि वर्मा की गिरफ्तारी के पीछे मंत्री के सेक्स स्कैंडल का मामला ही है। कांग्रेस नेता ने कहा कि विनोद वर्मा की रिपोर्ट्स से सरकार नाराज थी और यह गिरफ्तारी पत्रकारों को डराने के लिए की गई है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार को इस सीडी की जांच करवानी चाहिए। वहीं पत्रकारिता से राजनीति में आये आम आदमी पार्टी के नेता आशुतोष ने इस गिरफ्तारी को प्रेस पर हमला बताया है। उन्होंने कहा कि लगता है कि यह आपातकाल के दिन हैं।
आज सुबह घंटों पूछताछ के बाद दोपहर को उनकी कोर्ट में पेशी भी हुई। अब छत्तीसगढ़ पुलिस को उनकी ट्रांजिट रिमांड दे दी गई है और उन्हें छत्तीसगढ़ ले जाया जाएगा


