प्रो. भीमसिंह की जम्मू-कश्मीर में नए चुनाव कराने की मांग
नई दिल्ली। पैंथर्स पार्टी सुप्रीमो प्रो. भीमसिंह ने राष्ट्रपति श्री प्रणब मुखर्जी से जम्मू-कश्मीर की धारा-53 और भारतीय संविधान के अनुच्छेद 174 का इस्तेमाल करते हुए जम्मू-कश्मीर की अनचाही, अवांछनीय और अस्वीकार्य विधानसभा को भंग करने की मांग की है, जिससे सितम्बर, 2016 तक नए चुनाव हो सकें। प्रो. भीमसिंह का कहना है कि यह लोकतंत्र, कानून व्यवस्था एवं राज्य में हर मतदाता को न्याय दिलाने के हित में बहुत महत्वपूर्ण और जरूरी है।

पैंथर्स पार्टी के वनवास मुख्यालय जंतर मंतर नई दिल्ली में सवांददाताओं से बात करते हुए पैंथर्स सुप्रीमो ने कहा कि जम्मू-कश्मीर को और अधिक विध्वंस और भेदभाव से बचाने के लिए जम्मू-कश्मीर की जुड़वां राज्यों के स्पष्ट संदेश के साथ नए चुनाव कराए जायं, जिसकी एक ही हाईकोर्ट और एक ही राज्यपाल हो और लद्दाख के लोग खुद फैसला करें कि उन्हें केन्द्र शासित प्रदेश की तौर पर रहना है या फिर दोनों में से किसी एक राज्य के साथ।

उन्होंने कहा कि जम्मू के लोग राजनीतिक शोषण के शिकार हैं, जबकि कश्मीर पर दिल्ली से निर्यातित खूनी शासक जम्मू प्रदेश के नेताओं का इस्तेमाल करके सत्ता पर काबिज हैं। उन्होंने राष्ट्रपति से कहा कि जम्मू-कश्मीर में किसी तरह की सरकार बनाना वहां के लिए और अधिक विनाशकारी साबित होगा।

प्रो. भीमसिंह ने कहा कि विभाजन के बगैर जम्मू और कश्मीर का पुनर्गठन यहां के लोगों के लिए स्वीकार्य है। पैंथर्स पार्टी की नौजवान नेतृत्व पर भरोसा जाहिर किया जो जम्मू-कश्मीर के पुनर्गठन की लड़ाई लड़ रहे हैं।