नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय में इस सत्र से लागू किये जाने वाले चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रम (FYUP ) के विरोध में डॉ. प्रेम सिंह का राजघाट पर आयोजित तीन दिवसीय उपवास आज समाप्त हो गया।

तीन दिन चले उपवास में दिल्ली विश्वविद्यालय का शिक्षक समुदाय और दिल्ली के नागरिक समाज के बहुत से लोग उपस्थित हुये और अपना समर्थन जाहिर किया। (FYUP ) के मुद्दे पर प्रधानमन्त्री को पत्र लिखने वाले जस्टिस राजेन्द्र सच्चर तीनों दिन उपवास स्थल पर उपस्थित रहे। डूटा के अध्यक्ष अमरदेव शर्मा, उपाध्यक्ष हरीश खन्ना, कार्यकारी परिषद की सदस्य आभादेव हबीब, पूर्व डूटा के अध्यक्ष शाश्वती मजमूदार और विजेन्द्र शर्मा समेत कई डूटा एक्टिविस्ट कार्यक्रम मे शामिल हुये। इस मौके पर नागरिक समाज के कई गणमान्य व्यक्तियों और दिल्ली विश्वविद्यालय के शिक्षकों की ओर से (FYUP ) को स्थगित करने की अपील जारी की गयी।

उपवास के अन्त पर आयोजित शिक्षकों की बैठक में निर्णय किया गया कि आगे हर सम्भव हर स्तर पर (FYUP ) का प्रतिरोध जारी रखा जायेगा। हिन्दी के नामचीन लेखक राजेन्द्र यादव ने डॉ. प्रेम सिंह को जूस पिलाकर उपवास तुड़वाया।