तुष्टिकरण का सच
संघी झूठ का पुलिन्दा
शिवानंद तिवारी
राष्ट्रीय स्वयंसेवक सेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत ने फिर कहा है कि देश में रहने वाले सभी लोग हिंदू हैं। दरअसल संघ से जुड़ी हिंदुत्व की पूरी फौज लंबे समय से समाज को धर्म के आधार पर बांटने और हिंदू समाज के मन में डर, भय एवं आशंका पैदा करने का अभियान चला रही है। उनकी ओर से बार-बार दुहराई जाती है कि अपने ही मुल्क में हिंदू उपेक्षा के शिकार हैं। वोट की राजनीति की वजह से मुसलमानों का तुष्टिकरण और हिंदुओं की उपेक्षा की जाती है। इसलिए देश हित में ज़रूरी है कि हिंदुत्ववादी समूह द्वारा समाज में फैलायी जा रही बातों को हम तथ्यों की कसौटी पर परखें एवं हकीकत को समझने-परखने की कोशिश करें, क्योंकि धर्म के आधार पर अपने देश का बंटवारा एक बार हम लोग कर चुके हैं।
एक समाज के भीतर किसी ख़ास समूह को आखिर किस विशेष समूह से ख़तरा की आशंका हो सकती है? एक सामान्य समझ यह है कि बड़ी आबादी वालों से छोटी आबादी वाले समूह को ख़तरे की आशंका रहती है। अगर इस मुल्क की आबादी में हिंदुओं की संख्या कम होती, तो यह कहा या माना जा सकता था कि उन्हें बहुसंख्यक आबादी से ख़तरा है, या हो सकता है। हमारे देश में हर दस वर्ष पर आबादी की गिनती होती है। पिछली गिनती 2011 में हुई थी। इस गिनती के मुताबिक़ देश की कुल आबादी एक अरब, 21 करोड़ 19 लाख 3 हजार 4 सौ 22 थी। इनमें हिंदुओं की कुल आबादी 96.62 करोड़ और मुसलमानों की 17.22 करोड़ है। हिंदुत्व वाले 96.62 करोड़ हिंदुओं को 17.22 करोड़ मुसलमानो का भय दिखा रहे हैं। जबकि हिंदू समाज के प्रचंड बहुमत के सामने मुसलमान सहित अन्य अल्पसंख्यक समूह अपनी या अपनी संस्कृति, मज़हब, भाषा आदि की सुरक्षा को लेकर सशंकित रहते हैं, जिसे बहुत हद तक स्वाभाविक माना जा सकता है।
दूसरी बात, जिसकी बार-बार दुहराई जाती है वह यह कि अपने ही मुल्क में हिंदू उपेक्षा के शिकार हैं। वोट की राजनीति की वजह से उनका तुष्टिकरण और हिंदुओं की उपेक्षा की जाती है। आखिर इस आरोप की सच्चाई क्या है? यह समझने के लिए सबसे पहले यह समझना होगा कि समाज में हम उपेक्षित किसको मानते हैं। दुनिया भर के मुल्कों में उपेक्षा का शिकार आबादी के उस समूह को माना जाता है, जिनका राजनीति और प्रशासन में उनकी आबादी के अनुपात में प्रतिनिधित्व काफ़ी कम होता है। उचित प्रतिनिधित्व नहीं होने की वजह से उस आबादी की समस्याओं की न तो गंभीरता से सुनवाई हो पाती है और न उनका समाधान। हमारे यहां समाज का वह समूह उपेक्षित माना जाएगा जिसका प्रतिनिधित्व देश की लोकसभा और नौकरशाही में आबादी के अनुपात में काफ़ी कम है।

मुसलमानों का हिस्सा इसाई, सिख या बौद्ध नहीं, बल्कि हिंदू समाज ही ले लेता है
आइये देखें, आंकड़े क्या बयां करते हैं? देश की आबादी में मुसलमान 14.23 फ़ीसद और हिंदू 79.8 फ़ीसद है। इस हिसाब से लोकसभा की 543 सीटों में आबादी के मुताबिक़ मुसलमानों का हिस्सा 75 सीट का बनता है। मौजूदा लोकसभा में मुसलमान सदस्यों की संख्या मात्र 22(आबादी का 4.5प्रतिशत ) है।उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे प्रांत से इस लोकसभा में एक भी मुसलमान सदस्य नहीं है। पहली लोकसभा से लगायत अब तक 1980 में अधिकतम, यानी 49 मुसलमान सदस्य लोकसभा मे पहुंचे थे। औसतन 30-35 सीटें मिलती रही हैं मुसलमानों को। उसका बाक़ी हिस्सा इसाई, सिख या बौद्ध नहीं, बल्कि हिंदू समाज ही ले लेता है। विडंबना है कि इसके बावजूद हिंदुत्ववादियों की फ़ौज हिंदू समाज में मुसलमानों के तुष्टिकरण का अफ़वाह फैलाकर उसे मुसलमानों के खिलाफ भड़काने का अभियान चलाती है।

देश में मुसलमानों की दशा दलितों और आदिवासियों से भी बुरी
तुष्टिकरण के आरोप की असलियत का दूसरा नज़ीर मुल्क के प्रशासन में मुसलमान कहां खड़ा हैं या बाक़ी आबादी के मुक़ाबले उसकी हालत क्या है, इससे लगाया जा सकता है। मुसलमानों की सामाजिक, आर्थिक, और शैक्षणिक हालत का जायज़ा लेने के लिए मनमोहन सिंह सरकार ने 2005 में दिल्ली हाईकोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश राजिंदर सच्चर की अध्यक्षता मे एक समिति का गठन किया था। बीस महीना बाद 2006 के नवंबर में दाखिल उसकी रिपोर्ट के मुताबिक़ देश में मुसलमानों की दशा दलितों और आदिवासियों से भी बुरी है। आईएएस में मुसलमान तीन फ़ीसद, आईपीएस में चार फीसद, सेना तथा सुरक्षा बल में 3.2 फीसद, रेल में 4.5 फीसद तो बैंकों मे 2.2 फीसद हैं । यह सारा नज़ीर साबित कर रहा है कि किस प्रकार झूठ फैलाकर हिंदुत्व के ठेकेदार धर्म के आधार पर विद्वेष फैलाकर समाज को बांटने का अभियान चलाते हैं।
दरअसल इस दफा भारत सरकार के गृह मंत्रालय ने 2011 की जनगणना को जिस तरह जारी किया, उससे हिंदुत्ववादियों को मुसलमानों की आबादी दर में वृद्धि को मुद्दा बनाकर झूठा शोर मचाने का मौक़ा मिल गया। यह सही है कि मुसलमानों की आबादी का वृद्धि दर हिंदुओं से ज़्यादा है। प्रत्येक दस साल पर होने वाली जनगणना के मुताबिक़ 2001-11 के बीच हिंदुओं की आबादी का वृद्धि दर 16.8 फीसद था, तो मुसलमानो का 24.6 फीसद । अब सिर्फ इतना ही बताकर छोड़ दिया जाए तो यह शोर मचाने एक आधार मिल जाता है कि हिंदुओं के मुक़ाबले मुसलमानो की आबादी तेज़ी से बढ़ रही है। गृह मंत्रालय ने इस दफा यही किया। लेकिन इसके पूर्व की जनगणनाओं के साथ तुलनात्मक ढंग से देखा जाए तो स्पष्ट दिखता है कि, हिंदू और मुसलमान, दोनो की आबादी की वृद्धि दर में गिरावट आ रही है। बल्कि हिंदुओं के मुक़ाबले मुसलमानों के वृद्धिदर में घटाव ज़्यादा दिखाई देता है। जैसे 1981 से 1991 के बीच मुसलमानो की आबादी वृद्धि दर 32.9 फीसद था तो हिंदुओं का 22.8 फीसद । इसी तरह 1991-2001 में मुसलमानो का 29.3 फीसद तो हिंदुओं का 20 फीसद इन पूर्ववर्ती आंकड़ों को तुलनात्मक ढंग से देखने के बाद बिल्कुल स्पष्ट है कि बावजूद इसके कि मुसलमानों की आबादी का वृद्धि दर हिंदुओं से ज़्यादा है, फिर भी उनकी आबादी का वृद्धि दर हिंदुओं के मुक़ाबले ज़्यादा तेज़ी से घट रही है।
यह सब कुछ उल्लेख करने का मक़सद यह स्पष्ट करना है कि किस प्रकार असत्य का सहारा लेकर हिंदू समाज को हिंदुत्ववादी भीरू और कुंठित बना रहे हैं। इन लोगों की नज़र में देश की एकमात्र समस्या मुसलमान है। देश में इतनी ग़रीबी है। बेरोज़गारी की डरावनी समस्या है।किसान आत्महत्या कर रहे हैं। आज भी देश के कई इलाक़े में दलितों और आदिवासियों के साथ अमानवीय व्यवहार हो रहा है। महंगाई से लोग परेशान हैं। महिलाओं पर अत्याचार बढ़ता जा रहा है। बड़ी आबादी को पीने के लिए शुद्ध पानी नहीं मिल रहा है। पढ़ाई और इलाज दिन ब दिन महंगा होता जा रहा है। लेकिन हिंदुत्व वाले कभी इन सवालों पर अपना मुंह नहीं खोलते। असल में सांप्रदायिकता जैसे भावनात्मक मुद्दों के ज़रिए समाज को बांटकर ये उनलोगों की मदद कर रहे हैं, जो देश की मौजूदा हालत से अपना स्वार्थ साध रहे हैं।
शिवानंद तिवारी, लेखक वरिष्ठ समाजवादी नेता हैं, उनकी फेसबुक टाइमलाइन से साभार।