दादरी हत्याकांड पर मुलायम ने चुप्पी तोड़ी, तो सीबीआई ने यादव सिंह पर छापे डाले
दादरी हत्याकांड पर मुलायम ने चुप्पी तोड़ी, तो सीबीआई ने यादव सिंह पर छापे डाले
दादरी कांड के पीछे वही लोग हैं, जो मुजफ्फरनगर दंगे में शामिल थे
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के साथ मिलीभगत के आरोप झेल रहे सपा मुखिया ने साफ कहा है कि चाहे उत्तर प्रदेश में उनकी पार्टी की सरकार चली जाए पर वह दादरी कांड के अभियुक्तों के खिलाफ कार्रवाई कराकर मानेंगे। उधर मुलायम सिंह यादव के प्रेस कांफ्रेंस की खबर आते ही करोड़ों के भ्रष्टाचार में संलिप्त नोएडा प्राधिकरण के निलंबित चीफ इंजीनियर यादव सिंह के मामले में सीबीआई ने 12 ठिकानों पर छापा मारा।
दादरी हत्याकांड पर मुलायम ने क्या कहा
उत्तर प्रदेश में हुए दादरी कांड पर अब तक खामोश रहे समाजवादी पार्टी (सपा) के मुखिया मुलायम सिंह यादव ने चुप्पी तोड़ते हुए कहा कि दादरी कांड के जो तीन मुख्य आरोपी हैं, सपा उन तीनों के नाम की पड़ताल करवा रही है। इसके पीछे वही लोग हैं, जो मुजफ्फरनगर दंगे में शामिल थे।
लखनऊ में पार्टी कार्यालय पर संवाददाताओं के से बातचीत में मुलायम सिंह ने कहा कि कुछ लोग देश और प्रदेश का माहौल खराब करना चाहते हैं। वे सोचते हैं कि प्रदेश का माहौल खराब करने से उनको चुनावी फायदा होगा, लेकिन वे गलत सोचते हैं। राजनीति समाज को तोड़ना नहीं, जोड़ना सिखाती है।
श्री यादव ने कहा कि यूपी में हिंदू और मुस्लिम के बीच एक विश्वास का रिश्ता है। इस रिश्ते की मिसाल हर जगह दी जाती है। कुछ लोग जानबूझकर इस रिश्ते को खराब करना चाहते हैं। इस विश्वास को तोड़ने के लिए बार-बार साजिशें रची जाती हैं।
दादरी में अखलाक की हत्या पर दुख प्रकट करते हुए मुलायम सिंह ने कहा कि वह और पूरा सपा परिवार पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। किसी के साथ गलत नहीं होने दिया जाएगा।
मुलायम सिंह ने कहा कि देश में एक खास समुदाय के लोगों को जानबूझकर दबाया जा रहा है। उनको दबाने की यह मंशा न तो राजनीति के लिए अच्छी है और न ही देश के लिए।
सपा प्रमुख ने कहा कि देश में असल समस्या गरीबी, महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार है। देश को इनसे मिलकर लड़ना चाहिए, लेकिन हम आपस में भाई-भाई को लड़वाने में रुचि दिखते हैं।
उधर मुलायम सिंह यादव के प्रेस कांफ्रेंस की खबर आते ही करोड़ों के भ्रष्टाचार में संलिप्त नोएडा प्राधिकरण के निलंबित चीफ इंजीनियर यादव सिंह के मामले में सीबीआई ने 12 ठिकानों पर छापा मारा। सीबीआई ने गुरुवार को यादव सिंह के मेरठ और गाजियाबाद के ठिकानों पर फिर से छापेमारी की। साथ ही फर्जी फर्मों के डायरेक्टर्स के घर भी पहुंची सीबीआई की टीम।


