नई ​दिल्ली 17 मार्च। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर विकास के लिए काम करने की बजाय गुस्से का माहौल पैदा करने का आरोप लगाते हुए आज कहा कि वह देश को बांटने की कोशिश कर रहे हैं और कांग्रेस जोड़ने का काम करती है इसलिए यही पार्टी देश को प्रगति के मार्ग पर अग्रसर कर सकती है।

श्री गांधी ने अखिल भारतीय कांग्रेस के 84वें महा अधिवेशन में देशभर से आये पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तरफ इशारा करते हुए कहा कि उनका काम देश को लड़ाना है, समाज को तोड़ना और बांटना है लेकिन कांग्रेस का काम देश को जोड़ने का है। कांग्रेस सबको साथ लेकर चलती है और हाथ के निशान को यह शक्ति कांग्रेस के प्रत्येक कार्यकर्ता से मिलती है और यही शक्ति देश को प्रगति की राह पर आगे बढ़ाती है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस महा अधिवेशन का लक्ष्य देश को रास्ता दिखाना है और प्रगति के पथ पर अग्रसर करना है।

इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि वह सभी प्रतिनिधियों की मदद से मजबूत और नई ऊर्जा से भरपूर पार्टी का निर्माण करना चाहते हैं।

आज यहां पार्टी के दो दिवसीय पूर्ण अधिवेशन का उद्घाटन करने के बाद राहुल ने अपने संबोधन में यह बात कही।

यह भारत की सबसे पुरानी पार्टी का 84वां अधिवेशन है। राहुल (47) ने दिसंबर 2017 में कांग्रेस के अध्यक्ष पद की कमान संभाली थी।

राहुल ने ट्वीट कर कहा,

"कांग्रेस के पूर्ण अधिवेशन में प्रतिनिधियों और प्रतिष्ठित अतिथियों का स्वागत है। अगले दो दिनों में मैं आपके साथ संवाद करने और अनुभवों व नजरियों को साझा करने के लिए उत्सुक हूं, जिससे मजबूत और ज्यादा जोश से भरपूर कांग्रेस पार्टी के निर्माण में मदद मिलेगी।"

इस अधिवेशन में संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (सप्रंग) की अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, पूर्व वित्त मंत्री पी. चिदंबरम, गुलाम नबी आजाद सहित पार्टी के वरिष्ठ नेतागण मौजूद थे।

कांग्रेस पार्टी का यह पूर्ण अधिवेशन आठ साल बाद आयोजित हो रहा है। इस दौरान 2019 के लोकसभा चुनाव की रणनीति भी तैयार की जाएगी।

यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब करें