लोकसभा चुनाव में मोदी को हराएगी सपा, चुनाव में हम मोदी का घंमड चकनाचूर कर देंगे। - मुलायम सिंह यादव
सपा सरकार की बढ़ती लोकप्रियता से कांग्रेस घबरा गई है- अखिलेश यादव
बदायूँ, 20 दिसंबर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने भाजपा और कांग्रेस पर सीधा हमला बोलते हुये भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी को मानवता का हत्यारा करार देते हुये कहा कि जिसने गुजरात में हजारों लोगों का कत्लेआम करवाया है उसे देश की जनता कभी माफ नहीं करेगी। श्री यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा और कांग्रेस में आपसी मिलीभगत है। दोनों पार्टियाँ मिलकर हिंदुस्तान से लोकतंत्र को खत्म करना चाहती हैं।

बदायूँ जिला मुख्यालय से सात किलोमीटर दूर गुनौरा वाजिदपुर में राजकीय मेडिकल कॉलेज के शिलान्यास कार्यक्रम के बाद आयोजित विकास रैली को संबोधित करते हुये सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि नरेंद्र मोदी हवा-हवाई नेता हैं। लोकसभा चुनाव में अकेले उत्तर प्रदेश की जनता मोदी की हवा निकाल देगी। मैं दावे के साथ कह सकता हूँ कि उत्तर प्रदेश की जनता कभी नहीं चाहेगी कि मानवता का हत्यारा देश का प्रधानमंत्री बने। उन्होंने कहा कि जब देश का मीडिया कह रहा है कि मोदी और मुलायम सिंह यादव में लड़ाई है तो मैं आज कहता हूँ कि लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी मोदी को पराजित करेगी। चुनाव में हम मोदी का घंमड चकनाचूर कर देंगे। देश की जनता बहुत समझदार है। वह सांप्रदायिक शक्तियों को हराएगी। नरेंद्र मोदी की रैलियों में भीड़ जुटाने के लिये भाजपा करोड़ों रूपए खर्च कर रही है। हम बदायूं में रैली कर रहे हैं और मोदी वाराणसी में रैली कर रहे हैं। मैं मीडिया के लोगों से कहना चाहता हूँ कि आप लोग पता लगा लीजिए हमारी रैली में मोदी की रैली से दोगुना से ज्यादा भीड़ है। श्री यादव ने कहा कि पहले मेरा रैली में आने का कोई कार्यक्रम नहीं था, लेकिन बदायूँ से मेरा जो लगाव है उसके चलते आ गया।

सपा सुप्रीमो ने कहा कि विधानसभा चुनाव में हमने लखनऊ जीत लिया है। अब दिल्ली जीतने की बारी है। लोग सपा की तरफ बहुत उम्मीदों से देख रहे हैं। देश की जनता को सपा सरकार की नीतियाँ और कार्यक्रम बहुत पसंद आ रहे हैं। श्री यादव ने कहा कि लोकसभा चुनाव में सपा को भारी सफलता मिलेगी। केंद्र में अगली सरकार समाजवादी पार्टी के बिना नहीं बनने वाली है।

सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा की तरह कांग्रेस भी मुसलमानों की विरोधी है। केवल चुनावों के समय ही कांग्रेस को मुसलमानों की याद आती है। चुनाव निपटते ही वह मुसलमानों को भुला देती है। अगर कांग्रेस सचमुच मुसलमानों की हितैषी है तो उसे तुरन्त सच्चर कमेटी की रिपोर्ट की सिफारिशों को लागू करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुसलमान और किसान देश को आगे बढ़ा रहे हैं, लेकिन देश में मुसलमानों और किसानों की स्थिति सबसे ज्यादा खराब है। मुसलमानों और किसानों को खुशहाल बनाने के लिये सरकार को उन्हें विशेष सुविधाएं देनी चाहिए। उत्तर प्रदेश की समाजवादी पार्टी की सरकार ने मुसलमानों और किसानों के जीवन स्तर को ऊपर उठाने के लिये कई कल्याणकारी योजनाएं शुरू की हैं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को लेकर कोई राजनीति नहीं की जानी चाहिए। सपा हमेशा से सभी जातियों, धर्मों और वर्गों के लोगों को साथ लेकर चली है। मुझ पर मुसलमानों की तरफदारी करने के आरोप लगाए जाते हैं, मुझे मुल्ला मुलायम सिंह यादव कहा जाता है। लेकिन मैं इनसे डरकर बैठ जाने वाला नहीं हूँ। जिसके साथ अन्याय और अत्याचार होगा मैं हमेशा उसका साथ दूँगा।

उन्होंने कहा कि लोकपाल बिल पर भाजपा और कांग्रेस एकजुट हो गईं जबकि इस बिल से देश का विकास रुक जायेगा। अधिकारी और मंत्रीगण जेल जाने के डर से विकास कार्यों से सम्बंधित फाइलों पर दस्तखत नहीं करेंगे। लोकपाल बिल लागू होने के बाद एक दरोगा सीधे पीएम और सीएम से पूछताछ करेगा। लोकपाल की संस्तुति पर किसी मामले की जाँच करने वाले दरोगा का तबादला पीएम और सीएम नहीं कर सकेंगे। लोकपाल बिल से देश के तमाम मौजूदा कानून निष्प्रभावी हो जाएंगे। श्री यादव ने कहा कि वर्तमान समय में देश के तमाम कानून ऐसे हैं जिन्हें प्रभावी तरीके से लागू करके बड़े से बड़े मामलों में दोषियों को सजा दिलाई जा सकती है। श्री यादव ने कहा कि नीतियाँ कितनी भी अच्छी हों, लेकिन अगर उन नीतियों को लागू करने वालों की नीयत ठीक नहीं होगी तो लोगों का भला नहीं होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा और कांग्रेस के कई सदस्य लोकपाल बिल के खिलाफ थे लेकिन उन लोगों ने मजबूरी में बिल का समर्थन किया।

दूसरी तरफ मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस उत्तर प्रदेश के विकास की राह में रोड़े अटका रही है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार सूबे के विकास को लेकर बहुत सारे कार्य कर रही है लेकिन केंद्र सरकार से अपेक्षित मदद नहीं मिल रही है। केंद्र चाहे हमें मदद दे या न दे लेकिन हम विकास कार्यों में धन की कमी नहीं आने देंगे। हम अपने स्तर से विकास कार्यों के लिये धन का इंतजाम करेंगे। मुख्यमंत्री ने राजकीय मेडिकल कॉलेज समेत कई योजनाओं का शिलान्यास करने के बाद विकास रैली को संबोधित करते हुये कहा कि सपा सरकार की बढ़ती लोकप्रियता से कांग्रेस घबरा गई है। इसीलिये केंद्र सरकार विकास कार्यों के लिये धन नहीं दे रही है। हम सूबे की जनता को विश्वास दिलाते हैं कि हमारी सरकार ने जिन योजनाओं को शुरू किया है उन्हें समय से पूरा किया जायेगा। विकास कार्यों में धन की कमी नहीं आने देंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस की गलत नीतियों के चलते देश में चीनी का संकट पैदा हुआ। हमारी सरकार ने गन्ना किसानों के हितों को ध्यान में रखकर चीनी मिलों के मालिकों से बात की। हमने चीनी मिल मालिकों से कहा कि चीनी मिलें आपको हर हाल में चलानी होंगी। किसानों का गन्ना खेतों में नहीं सूखने दिया जायेगा। मिल मालिकों ने हमें अपनी कुछ समस्याएं बताईं। सरकार ने उनकी समस्याओं का हल निकाला और अब चीनी मिलों में गन्ने की पेराई हो रही है। उन्होंने कहा कि बीएसपी के पांच साल के शासनकाल में सूबे में विकास कार्य पूरी तरह ठप पड़ गए थे। विकास कार्यों का पैसा मूर्तियों और स्मारकों के निर्माण में लगा दिया गया। जिसमें जमकर भ्रष्टाचार हुआ। उत्तर प्रदेश की जनता बीएसपी सरकार के भ्रष्टाचार से तंग आ चुकी थी। इसीलिये उसने चुनाव में बीएसपी को बाहर का रास्ता दिखा दिया। समाजवादी पार्टी ने विधानसभा चुनाव में जनता से जो वायदे किए थे उन्हें पूरा किया जा रहा है। हमारे लिये राज्य की जनता सर्वोपरि है। सपा सरकार के शासन में जनता के हितों की अनदेखी नहीं होगी।

मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि 2014 का लोकसभा चुनाव हमारे लिये बहुत महत्वपूर्ण है। सपा को केंद्र में बड़ी ताकत बनना है। उत्तर प्रदेश में सपा के आगे दूर-दूर तक कहीं कोई और राजनीतिक दल नहीं दिख रहा है। समाजवादी पार्टी सब पर भारी पड़ रही है। चुनावी लड़ाई जमीन पर लड़ी जाती है। जमीनी लड़ाई में सपा के आगे कोई और दल दूर-दूर तक नजर नहीं आ रहा है। भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी सिर्फ गुजरात और टीवी चैनलों पर नजर आते हैं। मोदी को पता होना चाहिए कि चुनाव में फैसला जनता करती है। लोकसभा चुनाव में जनता मोदी को ऐसा सबक सिखाएगी जिसे वे कभी भूल नहीं सकेंगे।

रैली को संबोधित करते हुये बदायूं से सपा सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि यहाँ मेडिकल कॉलेज बन जाने से राज्य के नौ-दस जिलों के लोगों को फायदा होगा। अभी इस क्षेत्र के लोगों को इलाज के लिये बरेली, लखनऊ या दिल्ली जाना होता है। कई बार तो इलाज में देरी की वजह से मरीज की मौत हो जाती है। बदायूँ में मेडिकल कॉलेज खुलने से लोगों को एक तरफ जहाँ उच्चस्तरीय इलाज मिलेगा वहीं दूसरी तरफ क्षेत्र का विकास होगा।

(जनादेश न्यूज नेटवर्क)