समाजशास्त्र की सात किताबों का विमोचन व राष्ट्रीय संगोष्ठी 23 को
समाजशास्त्र की सात किताबों का विमोचन व राष्ट्रीय संगोष्ठी 23 को
लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय के समाजशास्त्र विभाग एवं लखनऊ विश्वविद्यालय से सम्बंधित महाविद्यालयों के समाजशास्त्र विभाग के शिक्षकों के सहयोग से ओरिएंट ब्लैकस्वान के द्वारा प्रकाशित सात पुस्तकों का विमोचन किया जा रहा है। ये सातों पुस्तकें समाजशास्त्र के बी० ए० पाठ्यक्रम के अनुसार हैं। इसमें विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों के शिक्षक एवं शोधकर्ताओं ने अपने लेखों से योगदान दिया है। इस उपलक्ष्य में एक राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया जा रहा है जिसका विषय “समकालीन भारतीय समाज की चुनौतियाँ” हैं।
संगोष्ठी के संयोजक व लखनऊ विश्वविद्यालय के प्रो. गणेशराम व डॉ. प्रदीप शर्मा ने बताया कि समाजशास्त्र विभाग, लखनऊ विश्वविद्यालय द्वारा स्नातक स्तर के विद्यार्थियों को समाजशास्त्र का उच्च स्तरीय सैद्धान्तिक एवं व्यवहारिक ज्ञान पाठ्यक्रमानुसार हिन्दी में उपलब्ध कराने के लिए पहली बार यह प्रयास किया गया है। उन्होंने बताया कि आगामी 23 अगस्त को प्रातः साढ़े 10 बजे पुस्तक विमोंचन समारोह व राष्ट्रीय संगोष्ठी का उद्घाटन सत्र मालवीय सभागार, लखनऊ विश्वविद्यालय में सम्पन्न होगा। उद्घाटन सत्र में मुख्य रूप से लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एस.बी.निमसे, कानपुर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जे.वी. वैशमपायन्, ख्वाजा मोईनुद्दीन चिश्ती उर्दू अरबी-फारसी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. खान मसूद असमद तथा ओरिएंट ब्लैकस्वान के प्रेसिडेंट उदय राव उपस्थित रहेंगे। इस समारोह में उत्तर प्रदेश के दस से अधिक विश्वविद्यालय के समाजशास्त्र विभाग के विभागाध्यक्ष प्रोफेसर तथा लखनऊ के समस्त महाविद्यालयों के प्राचार्य एवं शिक्षक मौजूद रहेंगे।


