कांग्रेस के वीडियो से भाजपा परेशान
कांग्रेस के वीडियो ने चढ़ाया सियासी पारा
बिहार कांग्रेस द्वारा साझा किए गए एक एआई-जनरेटेड वीडियो ने देश की सियासत का पारा चढ़ा दिया है। इस वीडियो में कथित तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत मां जैसे दिखने वाले किरदार दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आते ही राजनीतिक हलकों में तीखी प्रतिक्रियाओं का दौर शुरू हो गया है।
भाजपा इस वीडियो को बेहद आपत्तिजनक बता रही है। भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कड़ा रुख अपनाते हुए ट्वीट किया –
"घटिया लोगों की घटिया मानसिकता। प्रधानमंत्री जी की मां को तो छोड़ दो। गांव का गरीब आदमी प्रधानमंत्री बना है, यह तो पाश्चात्य संस्कृति के खिलाफ है। जीवन भर उनको मौत का सौदागर कहते रहे, अब तो नीचता की पराकाष्ठा है।"
इसी क्रम में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने भी कांग्रेस पर निशाना साधते हुए लिखा –
"जनता से हर बार नकारे जाने के बाद हताश कांग्रेस, विकृत मानसिकता के साथ हर दिन घटियापन के नए रिकॉर्ड बनाने पर उतर चुकी है।"
दूसरी ओर विपक्षी दलों के नेताओं की राय कुछ अलग है। राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा –
"मैंने वीडियो नहीं देखा है। भाजपा केवल मुद्दों से ध्यान भटका रही है। पीएम मोदी ने जो कहा, वह सबने सुना है। नीतीश कुमार को उनके डीएनए को लेकर गाली दी गई थी।"
वहीं, पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने इस विवाद पर नैतिक सवाल उठाए। उन्होंने कहा –
"...क्या राजनीति का नैतिक स्तर इतना गिर गया है कि आप अपनी मां को भी राजनीति में घसीट सकते हैं? चाहे वह गरीब की मां हो, अमीर की मां हो, सीएम की मां हो या पीएम की मां हो, मां तो मां होती है। गाली देने की परंपरा और इस तरह की प्रवृत्ति केवल भाजपा से ही सीखी जा सकती है। कभी डीएनए को गाली देना, कभी बिहारी को गाली देना... केवल भाजपा ही ऐसे मूल्य दे सकती है।"
बिहार कांग्रेस के इस वीडियो ने एक बार फिर राजनीति में गरमाहट ला दी है। जहां भाजपा इसे "घटिया राजनीति" करार दे रही है, वहीं विपक्ष इसे मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश बता रहा है। सियासी हलचल तेज है और आने वाले दिनों में यह विवाद और गहराने के आसार हैं। देखते हैं क्या है वीडियो.