नई दिल्ली। छह वामदलों ने भारतीय जनता पार्टी तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आर एस एस) पर देश में साम्प्रदायिक नफरत फैलाने तथा बढ़ती असहिष्णुता का आरोप लगाते हुए इसके खिलाफ एक से छह दिसम्बर तक राष्ट्रीय अभियान चलाने का फैसला किया है।
माकपा पार्टी की केंद्रीय समिति की तीन दिवसीय बैठक में लिए गए निर्णयों की जानकारी देते हुए पार्टी के महासचिव सीताराम येचुरी ने संवाददाताओं से कहा कि भाजपा और संघ परिवार ने जिस तरह देश में साम्प्रदायिक उन्माद को फैलाकर ध्रुवीकरण करने की कोशिश की है और असहिष्णुता का जो माहौल बना है, उसके विरोध में जिन तरह बुद्धिजीवियों ने अपने पुरस्कार लौटाए हैं, उसे देखते हुए पार्टी ने एक दिसम्बर से राष्ट्रीय अभियान चलाने का फैसला किया है, जो बाबरी विध्वंस की बरसी तक चलेगा।
येचुरी ने कहा कि मोदी सरकार आर्थिक नीतियों पर भी पूरी तरह विफल हो गयी हैं। सरकार ने मंत्रिमंडल की अनुमति लिए गए बगैर इन क्षेत्रों में प्रत्यक्ष विदेश निवेश को लाने की घोषणा की है। यह घोषणा ऐसे समय में की है जब संसद का शीतकालीन सत्र अगले सप्ताह से शुरू होने वाला है। इस तरह मोदी सरकार ने मंत्रिमंडल और संसद दोनों की अवहेलना की है।