Cyclone ‘Montha’ weakens over Andhra Coast

  • आंध्र प्रदेश के तटीय इलाक़ों में “मोंथा” तूफ़ान का असर
  • अगले 12 घंटों में क्या होगा मौसम का हाल

तटीय निगरानी और रडार प्रणाली की भूमिका

आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में चक्रवाती तूफ़ान "मोंथा" कमजोर होकर सामान्य चक्रवात में बदल गया है। नरसापुर और मछलीपट्टनम में तेज़ हवाओं के साथ बारिश जारी है। इसी बीच, अरब सागर में नया अवदाब बन गया है, जिससे पश्चिमी तट के मौसम में बदलाव की संभावना है।

नई दिल्ली, 29 अक्तूबर 2025. आंध्र प्रदेश के तटीय इलाक़ों में तबाही मचाने वाला भीषण चक्रवाती तूफ़ान “मोंथा” (Montha) अब कमजोर होकर सामान्य चक्रवाती तूफ़ान में तब्दील हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताज़ा अपडेट के अनुसार, तूफ़ान ने बीती रात 2:30 बजे नरसापुर के पास ज़मीन छू ली। फिलहाल इसका पिछला हिस्सा (rear sector) तट से भीतर प्रवेश कर चुका है।

विशाखापत्तनम, काकीनाडा और मछलीपट्टनम में तेज़ हवाओं और भारी बारिश की संभावना अभी भी बनी हुई है। इसी बीच, पूर्व-मध्य अरब सागर पर एक और अवदाब (Low Pressure Area) सक्रिय हो गया है, जो अगले 36 घंटों में उत्तर-पूर्व दिशा की ओर बढ़ने की संभावना है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने यह जानकारी देते हुए एक्स पर लिखा-

A) आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्र में भीषण चक्रवाती तूफान "मोंथा" [उच्चारण: Mon-Tha] कमजोर होकर चक्रवाती तूफान में बदल गया

आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्र में भीषण चक्रवाती तूफान "मोंथा" [उच्चारण: Mon-Tha] पिछले छह घंटों के दौरान 10 किमी प्रति घंटे की गति से लगभग उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ा, कमजोर होकर चक्रवाती तूफान में बदल गया और आज, 29 अक्टूबर 2025 को भारतीय समयानुसार सुबह 02:30 बजे, अक्षांश 16.5° उत्तर और देशांतर 81.5° पूर्व के पास, नरसापुर (आंध्र प्रदेश) से लगभग 20 किमी पश्चिम-उत्तर-पश्चिम, मछलीपट्टनम (आंध्र प्रदेश) से 50 किमी उत्तर-पूर्व, काकीनाडा (आंध्र प्रदेश) से 90 किमी पश्चिम-दक्षिण-पश्चिम, विशाखापत्तनम (आंध्र प्रदेश) से 230 किमी दक्षिण-पश्चिम और गोपालपुर (ओडिशा) से 470 किमी दक्षिण-पश्चिम में केंद्रित था।

अगले 6 घंटों के दौरान इसके तटीय आंध्र प्रदेश से होते हुए लगभग उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और चक्रवाती तूफ़ान की तीव्रता बनाए रखने तथा उसके बाद के 6 घंटों के दौरान गहरे दबाव के क्षेत्र में और कमज़ोर पड़ने की संभावना है।

नवीनतम प्रेक्षणों से संकेत मिलता है कि चक्रवाती तूफ़ान "मोंथा" का पिछला क्षेत्र भूमि में प्रवेश कर चुका है।

इस तूफ़ान पर वर्तमान में मछलीपट्टनम और विशाखापत्तनम स्थित डॉपलर मौसम रडार (DWR) के अलावा तटीय वेधशालाओं, स्वचालित मौसम केंद्रों (AWS), जहाजों और प्लवों तथा उपग्रहों द्वारा निरंतर निगरानी की जा रही है।

(B) पूर्व-मध्य अरब सागर पर अवदाब

पूर्व-मध्य अरब सागर पर बना अवदाब पिछले 6 घंटों के दौरान 8 किमी प्रति घंटे की गति से उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ा और आज, 29 अक्टूबर 2025 को 02:30 बजे IST पर उसी क्षेत्र में, अक्षांश 17.8° उत्तर और देशांतर 69.1° पूर्व के पास, वेरावल (गुजरात) से लगभग 440 किमी दक्षिण-पश्चिम, मुंबई (महाराष्ट्र) से 420 किमी पश्चिम-दक्षिण-पश्चिम, पंजिम (गोवा) से 570 किमी पश्चिम-उत्तर-पश्चिम, मैंगलोर (कर्नाटक) से 820 किमी उत्तर-पश्चिम, अमिनिदिवी (लक्षद्वीप) से 840 किमी उत्तर-उत्तर-पश्चिम में केंद्रित रहा।

अगले 36 घंटों के दौरान इसके पूर्व-मध्य अरब सागर में लगभग उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ने की संभावना है।