नई दिल्ली, 17 जनवरी (डीबी लाइव)। 20 जनवरी को अमेरिका में ओबामा का कार्यकाल खत्म होने के साथ ही ट्रंप युग की शुरुआत होगी।

ट्रंप के आने के साथ ही अंतराष्ट्रीय मंच पर कई बदलाव देखने को मिलेंगे। इससे पहले अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रुस के साथ एक समझौता प्रस्ताव रखा है।

ट्रंप ने एक ब्रिटिश अखबार से कहा कि यदि रूस परमाणु हथियार न्यूनीकरण समझौते पर राजी हो जाए, तो उसके ऊपर से प्रतिबंध समाप्त किए जा सकते हैं।

टाइम्स ऑफ लंदन के साथ एक साक्षात्कार में ट्रंप ने कहा कि वह चाहते हैं कि दुनिया की दो सबसे बड़ी परमाणु शक्तियों -अमेरिका और रूस- के परमाणु शस्त्रागार पर्याप्त रूप में घटा दिए जाएं।

साक्षात्कार में ट्रंप ने कहा,

"रूस पर प्रतिबंध लगाए गए हैं, देखते हैं रूस के साथ कुछ अच्छे समझौते हो पाते हैं क्या? एक समझौता तो मैं इस बारे में सोचता हूं कि परमाणु हथियार घटाए जाएं और काफी मात्रा में घटाए जाएं।"

इससे पहले ट्रंप ने 22 दिसंबर को ट्वीट किया था कि जबतक दुनिया परमाणु हथियारों के बारे में समझदार नहीं हो जाती, तब तक अमेरिका को अपनी परमाणु क्षमता बढ़ाते रहना चाहिए।

उसी दौरान रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भी सामरिक परमाणु क्षमता बढ़ाने का आह्वान किया था। हालांकि ट्रंप ने सीरिया युद्ध में हस्तक्षेप के लिए भी रूस की आलोचना की, और उन्होंने इसे एक बहुत बुरी चीज कहा।