आजमगढ़ में मुलायम की धूम
आजमगढ़ में मुलायम की धूम
भाजपा उम्मीदवार रमाकांत यादव कई सहयोगी सपा नेताओं के संपर्क में
राधे कृष्ण
आजमगढ़, 20 मार्च। जिले के किसी भी गांव, कस्बे या बाजार में आप चले जाइए, चारों तरफ सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव की धूम है। पूरा आजमगढ़ मुलायममय हो चुका है। भारतीय जनता पार्टी लोकसभा चुनाव में देश भर में अपनी लहर होने की बात कह रही है लेकिन यहां स्थिति ठीक इसके उलट है। मुलायम सिंह यादव की उम्मीदवारी के ऐलान के बाद जिले में भारतीय जनता पार्टी में भगदड़ मच गयी है। भाजपा के कई नेता पार्टी से नाता तोड़कर सपा का दामन थाम चुके हैं। वैसे तो यहां पर मतदान छठे चरण में 12 मई को होना है लेकिन नतीजे का अनुमान आप आज ही बहुत आसानी से लगा सकते हैं। आजमगढ़ की मौजूदा राजनीतिक तस्वीर को देखकर साफ-साफ कहा जा सकता है कि यहां पर मुलायम सिंह यादव के पक्ष में एकतरफा चुनाव होगा।
आप किसी से भी बात कीजिए तो उसका यही कहना होता है कि जिले के विकास के लिए मुलायम सिंह यादव को यहां से चुनाव जीतना चाहिए। ऐतिहासिक शिबली नेशनल कॉलेज की छात्रा हुमा खान से लोकसभा चुनाव को लेकर सवाल करने पर बिना किसी लाग-लपेट के उनका जवाब होता है कि हमारे लिए तो यह बहुत फख़्र की बात है कि मुलायम सिंह यादव यहां से चुनाव लड़ रहे हैं। मुलायम सिंह यादव देश के बड़े नेता हैं। अगर वे यहां से सांसद बनेंगे तो आजमगढ़ का विकास होगा। हमारा जिला विकास के मामले में बहुत पिछड़ा हुआ है। मुलायम सिंह ने इटावा, मैनपुरी और कन्नौज में विकास के बहुत काम करवाए हैं। आपको हमारे जिले में विकास के जो भी काम दिखाई दे रहे हैं उनमें से ज्यादातर मुलायम सिंह यादव ने करवाए हैं। इसके साथ ही वह शिकायत भी करती हैं कि शिबली नेशनल कॉलेज आजमगढ़ ही नहीं बल्कि पूर्वांचल की पहचान है। लेकिन किसी ने भी शिबली नेशनल कॉलेज की हालत पर कोई ध्यान नहीं दिया। हम चाहते हैं कि हमारा कॉलेज अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी की तरह यूनिवर्सिटी बने। चलते-चलते वह कहती हैं कि हम जानते हैं कि अगर मुलायम सिंह यादव आजमगढ़ से सांसद बने तो शिबली नेशनल कॉलेज यूनिवर्सिटी बन जाएगा।
सिबली नेशनल कॉलेज के छात्र आबिद खान कहते हैं, समाजवादी पार्टी और उसके मुखिया मुलायम सिंह यादव ने अल्पसंख्यकों के हित में बहुत काम किए हैं। इसलिए लोगों को चाहिए कि वे मुलायम सिंह यादव के पक्ष में खड़े हों। आजमगढ़ के लोग बहुत मेहनती होते हैं, लेकिन यहां कोई रोजगार और उद्योग-धंधे न होने के चलते वे मुंबई और दूसरे शहरों की ओर चले जाते हैं। पिछले कुछ सालों में आजमगढ़ पर कई बदनुमा दाग लगे हैं। यह हम लोगों के लिए बहुत दुखद है। मुझे लगता है कि मुलायम सिंह के यहां से सांसद बनने के बाद आजमगढ़ के नाम पर जो दाग लगे हैं, वे धुलेंगे।
शिबली नेशनल कॉलेज के एक अन्य छात्र रेहान से बात होने पर वे कहते हैं, आजमगढ़ के लोगों के सामने इस बार लोकसभा चुनाव में एक बहुत बड़ा मौका है। मुझे नहीं लगता कि लोग इस मौके को खाली जाने देंगे। मुलायम सिंह यादव यहां से सांसद बनेंगे तो निश्चित रूप से जिले का विकास होगा। आजमगढ़ में चारों तरफ आपको समस्याएं ही मिलेंगी। यहां के विकास के लिए कोई काम नहीं हुआ है। शहर की सड़कें टूटी-फूटी हैं, बिजली, पानी और सीवर की समस्या बहुत गंभीर हो चुकी है लेकिन इनकी तरफ देखने के लिए किसी के पास फुर्सत नहीं है।
शिबली नेशनल कॉलेज के प्रिंसिपल अफसर अली से उनके दफ्तर में मुलाकात होती है। वे राजनीति पर बातें करने से मना कर देते हैं। जब उनको बताता हूं कि आपके कॉलेज के कुछ छात्र-छात्राओं की यह मांग है कि इस कॉलेज को यूनिवर्सिटी बनाया जाए और साथ ही नया कैम्पस खोला जाए तो वे कहते हैं कि बिल्कुल...सिबली नेशनल कॉलेज को यूनिवर्सिटी बनाया जाना चाहिए। और यह काम कोई बड़े दिलवाला ही कर सकता है। जब उनसे यह पूछा जाता है कि बड़े दिलवाले से क्या उनका आशय मुलायम सिंह यादव से है तो कोई जवाब देने के बजाय कहते हैं कि आप समझदार हैं। मुझे इससे ज्यादा कुछ नहीं कहना है।
प्रिंसिपल के साथ हमारी बातचीत जारी रहती है तभी सपा के आजमगढ़ जिलाध्यक्ष हवलदार यादव वहां आ जाते हैं। सपा ने पहले हवलदार यादव को टिकट दिया था, अब उनकी जगह पर मुलायम सिंह यादव चुनाव मैदान में हैं। हवलदार यादव कहते हैं कि यह आजमगढ़ के लोगों का सौभाग्य है कि यहां से मुलायम सिंह यादव चुनाव लड़ रहे हैं। मुलायम सिंह के मुकाबले में दूर-दूर तक कोई नजर नहीं आ रहा है। नेताजी की उम्मीदवारी का ऐलान होने के बाद आजमगढ़ के विकास के लिए भाजपा समेत कई दलों के राजनेता सपा में लगातार शामिल हो रहे हैं। राम दर्शन यादव, बब्बन राजभर और कल्पनाथ नेताजी के सम्मान में सपा में आए हैं। कुछ और लोग भी जल्द ही समाजवादी पार्टी में शामिल होंगे।
हवलदार यादव से जब आजमगढ़ के पिछड़ेपन के बारे में पूछा जाता है तो वह सारा दोष सूबे की पिछली मायावती सरकार पर डाल देते हैं। वे कहते हैं, आजमगढ़ में आपको विकास के जो भी काम दिखाई दे रहे हैं वे सब नेताजी की सरकार के शासनकाल में हुए थे। हमने आजमगढ़ के विकास के लिए कई योजनाओं का प्रस्ताव बनाकर राज्य सरकार को भेजा है। चुनाव के बाद इन विकास योजनाओं पर काम शुरू हो जाएगा।
जनादेश न्यूज़ नेटवर्क


