मयूर विहार फेज -1 इलाके में पर्चा वितरण
सोशलिस्ट पार्टी ने दिल्ली विश्वविद्यालय में लागू किये गये चार साला स्नातक पाठ्यक्रम (एफ वाई यू पी) को संविधान के मूल्यों के भी खिलाफ करार दिया है। विश्वविद्यालय प्रशासन के इस छात्र विरोधी नीति के खिलाफ सोशलिस्ट पार्टी की अलग अलग इकाईयों ने विरोध दर्ज करने का सिलसिला शुरू किया है।

इसी कड़ी में सोमवार 01-07-13 को सोशलिस्ट युवजन सभा ने मयूर विहार फेज 1 मेट्रो स्टेशन से लेकर त्रिलोकपुरी इलाके तक पर्चा वितरण किया, और स्थानीय लोगों को एफ वाई यू पी की छात्र विरोधी नीति के खिलाफ जागरूक किया। स्थानीय लोगों ने इस अभियान का पूरी तरह से समर्थन किया है। आपको बता दें कि विश्वविद्यालय प्रशासन का ये फैसला छात्रों के साथ साथ अभिभावकों को भी सीधे तौर पर प्रभावित करता है। तीन साल की पढ़ाई का खर्चा भी मुश्किल से उठा पाने वाले अभिभावक विश्वविद्यालय प्रशासन की इस जनविरोधी नीति से आक्रोशित हैं।

शाम चार बजे से लेकर छह बजे तक सोशलिस्ट युवजन सभा के कार्यकर्ताओं ने त्रिलोकपुरी इलाके में अभीभावकों से बात की और उन्हें इस पाठ्यक्रम के नुकसान से अवगत कराया। सोशलिस्ट युवजन सभा के संयोजक राकेश कुमार दूबे और दिल्ली इकाई के अध्यक्ष योगेश पासवान और शिवदत्त ने एफवाईयूपी की जमकर आलोचना की। साथ ही आगे भी विरोध प्रदर्शन जारी रखने का फैसला किया।

सोशलिस्ट युवजन सभा के संयोजक राकेश कुमार दुबे ने कहा कि दिल्ली विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्र हितों की अनदेखी करते हुये, जो चार साल का स्नातक पाठ्यक्रम लागू किया है। सोशलिस्ट युवजन सभा इस फैसले का कड़ा विरोध करती है। ये फैसला ना केवल राष्ट्रीय शिक्षा नीति के मूल्यों के प्रतिकूल है, बल्कि हाशिए पर के लोगों को शिक्षा की मुख्यधारा से अलग करने की साजिश है।

,