नई दिल्ली, 18 दिसंबर। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) नेता प्रफुल्ल पटेल ने कहा है कि यदि कांग्रेस का एनसीपी से गठबंधन होता तो गुजरात चुनाव के नतीजे अलग ही होते।

श्री पटेल ने संसद के बाहर संवाददाताओं से कहा,

"अगर उन्होंने (कांग्रेस) एनसीपी के साथ गठबंधन किया होता तो वह लाभप्रद हो सकता था और तस्वीर कुछ अलग हो सकती थी।"

श्री पटेल ने कहा कि ग्रामीण इलाकों में कांग्रेस की कमजोर पकड़ भी उसकी नाकामी का कारण बनी है।

एनसीपी नेता ने कहा,

"भाजपा की मौजूदगी सभी ग्रामीण इलाकों में है, जबकि कांग्रेस के मामले में ऐसा नहीं है और इस तरह वे जीत हासिल नहीं कर पा सकेंगे।"

राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा सोमवार को हो रही मतगणना में एक बार फिर सरकार बनाने की ओर बढ़ रही है जबकि कांग्रेस दूसरे स्थान पर है लेकिन पिछली बार के मुकाबले उसकी स्थिति सुधरी है।