कांग्रेस और भाजपा को बहुमत नहीं मिलेगा- मुलायम सिंह
कांग्रेस और भाजपा को बहुमत नहीं मिलेगा- मुलायम सिंह
भाजपा की हवा सिर्फ मीडिया में है- मुलायम सिंह
इटावा मेरा दिल है जबकि आजमगढ़ धड़कन है- मुलायम सिंह
मैनपुरी, 4 अप्रैल। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी पर सीधा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में न तो भाजपा की हवा है और न ही यहां मोदी का जादू चलेगा। लोकसभा चुनाव में भाजपा और कांग्रेस को बहुमत नहीं मिलेगा। केंद्र में अगली सरकार तीसरे मोर्चे की बनेगी।
सपा प्रमुख ने कहा कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की हवा है। यहां भाजपा के मंसूबे पूरे नहीं होगे। उन्होंने कोबरा पोस्ट के स्टिंग ऑपरेशन के बारे में कहा कि साक्षी महाराज सच्चे इंसान हैं। वह झूठ नहीं बोलेंगे। अयोध्या में बाबरी मस्जिद विध्वंश के पीछे की सच्चाई सबको पता है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और जामा मस्जिद के शाही इमाम के बीच हुई मुलाकातों पर उन्होंने कहा कि पता कीजिए क्या उनके बीच दोस्ती हो रही है।
मैनपुरी लोकसभा सीट से शुक्रवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद सपा प्रमुख ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि देश की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों को देखकर लग रहा है कि केंद्र में अगली सरकार तीसरे मोर्चे की बनेगी। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस और भाजपा को बहुमत नहीं मिलेगा। मुलायम सिंह यादव दोपहर दो बजकर पांच मिनट पर कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिला निर्वाचन अधिकारी के समक्ष पर्चा दाखिल किया। सपा प्रमुख के साथ प्रो. राम गोपाल यादव सहित चार प्रस्तावक भी मौजूद थे। इस दौरान कलेक्ट्रेट में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। मुलायम सिंह यादव ने चौथी बार मैनपुरी से लोकसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया है। वह 1996, 2004 और 2009 में मैनपुरी से सांसद चुने जा चुके हैं।
सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश को लेकर भाजपा ने बड़े मंसूबे बांध रखे थे लेकिन उसके मंसूबे पूरे नहीं होगे। नरेंद्र मोदी का यहां कोई जादू नहीं चलेगा। भाजपा मीडिया के बलबूते चुनाव लड़ रही है। भाजपा की हवा सिर्फ मीडिया में है। उन्होंने कहा कि भाजपा चुनाव जीतने के लिए झूठा प्रचार करके जनता को दिग्भ्रमित कर रही है। लेकिन भाजपा की कोई भी चाल कामयाब नहीं होगी। भाजपा की उत्तर प्रदेश में करारी हार होगी। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की हवा है। सपा के मुकाबले में दूर-दूर तक कोई दल नहीं है। उन्होंने कहा कि देश के ज्यादातर राज्यों में क्षेत्रीय पार्टियां कांग्रेस और भाजपा को सीधी चुनौती दे रही हैं।
कोबरा पोस्ट के स्टिंग ऑपरेशन को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि साक्षी महाराज सच्चे इंसान हैं। वह झूठ नहीं बोलेंगे। साक्षी महाराज जो कह रहे हैं वह सही है। सबको पता है कि बाबरी मस्जिद को गिराने के लिए भाजपा के नेताओं ने लोगों को उकसाया था। भाजपा ने हमेशा सांप्रदायिकता की आंच पर राजनीति की है।
मुलायम सिंह यादव ने कहा कि कांग्रेस की आज जो हालत है वह उसके लिए खुद जिम्मेदार है। कांग्रेस की जन विरोधी नीतियों के चलते लोग उससे दूर हो गए और वह कमजोर हो गयी। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और जामा मस्जिद के शाही इमाम अहमद बुखारी के बीच हुई मुलाकातों पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि आप लोग (मीडिया) पता कीजिए कि क्या दोस्ती हो रही है। उन्होंने कहा कि देश में मुसलमान और किसान सबसे ज्यादा तकलीफ में है इसीलिए वह इन दोनों की समस्याओं को हर मंच पर उठाते रहते हैं।
सपा प्रमुख से जब यह पूछा गया कि वह मैनपुरी के साथ ही आजमगढ़ से चुनाव क्यों लड़ रहे हैं तो उनका जवाब था कि इटावा मेरा दिल है जबकि आजमगढ धड़कन है। आजमगढ़ से मेरा हमेशा विशेष लगाव रहा है। पूर्वांचल के लोग लंबे समय से यह मांग कर रहे थे कि मैं आजमगढ़ से चुनाव लड़ूं। उन लोगों की भावनाओं को ध्यान में रखकर मैं आजमगढ़ से भी चुनाव लड़ रहा हूं। उन्होंने कहा कि किस सीट से सांसद रहूंगा और किस सीट को छोड़ूंगा, इसका फैसला नतीजे आने के बाद करूंगा।
सपा प्रमुख इटावा स्थित अपने आवास से सुबह दस बजे कार से मैनपुरी के लिए रवाना हुए। रास्ते में जगह-जगह पर लोगों ने फूल बरसाकर उनका स्वागत किया। पूरे रास्ते में वह मिलने वाले सभी लोगों से गर्मजोशी से मिले और उनका हाल-चाल पूछा। हैंवरा में उनका जोरदार स्वागत हुआ। सपा प्रमुख के सैफई पहुंचने पर हजारों लोगों ने समाजवादी पार्टी जिन्दाबाद और मुलायम सिंह यादव जिन्दाबाद के नारों के साथ गुलाब की पंखुड़ियां बरसाकर उनका स्वागत किया। वह यहां 25 मिनट तक रुक कर लोगों का हाल-चाल पूछते रहे।
सैफई से उनका काफिला करहल पहुंचा। यहां पर भी लोगों ने उनका भव्य स्वागत किया। करहल में जैन इंटर कॉलेज की इमारत देखकर वह भावुक हो गए। मुलायम सिंह यादव पहले इसी कॉलेज में पढ़ाते थे। करहल से चलकर वह मैनपुरी के समाजवादी पार्टी जिला कार्यालय पहुंचे। यहां पर उन्होंने पूजा और हवन किया। इस मौके पर प्रदेश सरकार के मंत्री शिवपाल सिंह यादव और राज्यसभा सांसद दर्शन सिंह यादव भी मौजूद थे। इसके बाद वह नामांकन दाखिल करने के लिए रवाना हो गए।
जनादेश न्यूज़ नेटवर्क


