चुटका परमाणु परियोजना और परमाणु ऊर्जा के विरोध में धरना
चुटका परमाणु परियोजना और परमाणु ऊर्जा के विरोध में धरना
भोपाल। चुटका परमाणु परियोजना और भारत के परमाणु ऊर्जा कार्यक्रम के खिलाफ अनेक जन-संगठनों, राजनीतिक दलों और बुद्धिजीवियों ने भोपाल में शनिवार को एक-दिवसीय धरना और जन-सभा का आयोजन किया। इन संगठनों ने मंडला जिले के चुटका व आसपास के गाँवों में प्रस्तावित परमाणु ऊर्जा संयंत्र का विरोध करते हुए राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में यह माँग की गयी है कि चुटका परमाणु ऊर्जा परियोजना सहित अन्य सभी प्रस्तावित परियोजनाओं को तत्काल रद्द किया जाये; भारत के परमाणु ऊर्जा कार्यक्रम पर रोक लगायी जाये और सभी परमाणु संयंत्रों को बन्द कर सुरक्षित तरीके से हटाया जाये; यूरेनियम खनन पर तत्काल रोक लगायी जाये; परमाणु ऊर्जा कार्यक्रम से सम्बंधित हर जानकारी को सार्वजनिक किया जाये; वर्तमान ऊर्जा उत्पादन के अनावश्यक व विलासितापूर्ण उपभोग पर रोक लगायी जाये और ऊर्जा के समतामूलक वितरण व उपयोग की व्यवस्था की जाये; और प्रदूषण-मुक्त ऊर्जा विकल्पों को बिना किसी भी तरह की मुनाफाखोरी या व्यवसायीकरण के जन-भागीदारीपूर्ण तरीकों से विकसित किया जाये।
सभी संगठनों ने चुटका परमाणु संघर्ष समिति और गोंडवाना गणतन्त्र पार्टी द्वारा चुटका गाँव में 24 मई को आयोजित सरकारी जन-सुनवाई के बहिष्कार का समर्थन किया। वक्ताओं ने यह स्पष्ट तौर पर कहा कि अंग्रेजी में जारी की गयी पर्यावरण रिपोर्ट के आधार पर, जिसे गाँव के आदिवासी न पढ़ सकते हैं और न ही समझ सकते हैं, जन-सुनवाई कराना धोखा है और लोकतान्त्रिक प्रक्रिया का भद्दा मजाक है।
वक्ताओं ने कहा कि देश के अलग-अलग हिस्सों में परमाणु ऊर्जा परियोजनाओं के खिलाफ जनता के सशक्त प्रतिरोध के बावजूद सरकार बेशर्मी से तमाम खतरो के बावजूद परमाणु ऊर्जा कार्यक्रम को आगे बढ़ा रही है, जिसका एकमात्र उद्देश्य है अमेरिका और यूरोप की कम्पनियों के मुनाफों को बढ़ाना।
वक्ताओं ने प्रगतिशील व जन-पक्षधर संगठनों और देशभक्त जनता का आह्वान किया कि वे इस लड़ाई में शामिल हो कर चुटका परमाणु परियोजना और भारत के परमाणु ऊर्जा कार्यक्रम के खिलाफ जोरदार आवाज़ उठायें। इस दौरान परमाणु ऊर्जा के खतरों से आगाह करती पोस्टर प्रदर्शनी भी लगायी गयी तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी हुयी।
जनसभा को राजकुमार सिन्हा, गुलजार सिंह मरकाम, शैलेन्द्र शैली, विजय कुमार, अनिल सद्गोपाल, अब्दुल जब्बार (सचिव, शिक्षा अधिकार मंच, भोपाल), रिनचिन, योगेश दीवान ने सम्बोधित किया।
धरना का आयोजन चुटका परमाणु संघर्ष समिति; गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (म.प्र.); जन संघर्ष मोर्चा (म.प्र.); भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (म.प्र.); भारत की कम्युनिस्ट पार्टी – मार्क्सवादी-लेनिनवादी (म.प्र.); पीपल्स इनिशियेटिव अगेंस्ट न्युक्लियर पावर; ऑल इण्डिया स्टूडेंट्स फेडेरेशन (म.प्र.); क्रान्तिकारी नौजवान भारत सभा (म.प्र.); अखिल भारतीय क्रान्तिकारी विद्यार्थी संगठन (म.प्र.); गैस पीड़ित महिला उद्योग संगठन, भोपाल; मध्य प्रदेश महिला मंच; शिक्षा अधिकार मंच, भोपाल; वुमेन अगेंस्ट सेक्शुअल वॉयलेन्स एण्ड स्टेट रिप्रेशन (म.प्र.) ने संयुक्त रूप से किया था।


