नई दिल्ली, 27 अप्रैल 2023: भारत और यूनाइटेड किंगडम मिलकर भारत-यूके ‘नेट जीरो’ इनोवेशन वर्चुअल सेंटर बनाएंगे। केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) विज्ञान और प्रौद्योगिकी; राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) पृथ्वी विज्ञान; पीएमओ, कार्मिक, लोक शिकायत, पेंशन, परमाणु ऊर्जा और अंतरिक्ष राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने अपने ब्रिटेन दौरे में यूके साइंस ऐंड इनोवेशन काउंसिल बैठक को संबोधित करते हुए यह घोषणा की है।

ब्रिटेन में अपने समकक्ष जॉर्ज फ्रीमैन की उपस्थिति में, डॉ जितेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में, भारत अपनी असाधारण तकनीकी और नवीन क्षमताओं से संचालित एक आर्थिक महाशक्ति बनने की ओर तेजी से बढ़ रहा है, जिसे पूरी दुनिया, विशेष रूप से COVID वैक्सीन की सफलता की कहानी के बाद, स्वीकार कर रही है।

दोनों नेताओं ने भारत और यूनाइटेड किंगडम के बीच विज्ञान और प्रौद्योगिकी सहयोग बढ़ाने का आह्वान किया है।

मंत्री ने भारत और यूके के बीच घनिष्ठ सहयोग पर जोर दिया, जैसा कि महत्वाकांक्षी 'रोडमैप 2030' से स्पष्ट होता है, जो स्वास्थ्य, जलवायु, व्यापार, शिक्षा, विज्ञान और प्रौद्योगिकी और रक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग की रूपरेखा तैयार करता है। सिंह ने फ्रीमैन को बताया कि मोदी के नेतृत्व में ब्रिटेन भारत का दूसरा सबसे बड़ा अंतरराष्ट्रीय अनुसंधान और नवाचार भागीदार बन गया है।

दोनों मंत्रियों ने भारत-यूके "नेट ज़ीरो" इनोवेशन वर्चुअल सेंटर के प्रस्ताव का समर्थन किया, जो दोनों देशों के हितधारकों के बीच विनिर्माण प्रक्रियाओं और परिवहन प्रणालियों के डीकार्बोनाइजेशन और नवीकरणीय ऊर्जा स्रोत के रूप में ग्रीन हाइड्रोजन जैसे फ़ोकस क्षेत्रों पर काम करने के लिए सहयोग की सुविधा प्रदान करेगा।

डॉ सिंह ने ऊर्जा दक्षता और नवीकरणीय ऊर्जा के महत्व पर जोर देते हुए भारत की ‘नेट जीरो’ यात्रा पर भी चर्चा की। उन्होंने भारत सौर गठबंधन और स्वच्छ ऊर्जा मिशन जैसी पहलों में भारत के नेतृत्व का उल्लेख किया। इस अवसर पर, डॉ. सिंह ने भारत के भविष्य को आकार देने में वैज्ञानिक और तकनीकी नवाचारों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया है।

(इंडिया साइंस वायर)

India and UK to jointly set up 'Net Zero' innovation virtual center