उ.प्र. में सबसे ज्यादा सीटें हम जीतेंगे- अखिलेश यादव
केजरीवाल को मीडिया ने बनाया है और वही उन्हें मिटा देगा...
लखनऊ, 15 मार्च। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि उनकी सरकार ने अपने दो वर्षों के कार्यकाल में सूबे को सभी क्षेत्रों में विकास की राह पर आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी लोकसभा चुनाव में राज्य सरकार की उपलब्धियों के एजेण्डे और सांप्रदायिक ताकतों को रोकने के लक्ष्य के साथ जनता के बीच जायेगी। समाजवादियों की कोशिश होगी कि पार्टी लोकसभा चुनाव में ज्यादा से ज्यादा सीटों पर विजय हासिल करे जिससे कि केंद्र में अगली सरकार सपा के सहयोग के बिना नहीं बन सके।
श्री यादव उप्र में समाजवादी सरकार के दो साल पूरे होने के मौके पर सपा के प्रदेश मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में मीडियाकर्मियों से बात कर रहे थे। अखिलेश यादव ने पूरे आत्मविश्वास के साथ संवाददाता सम्मेलन में पत्रकारों के सवालों के जवाब दिये।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने जब सूबे की बागडोर संभाली थी तो उस समय प्रशासनिक व्यवस्था पूरी तरह अस्त-व्यस्त थी और विकास ठप्प था। सूबे का खजाना बिल्कुल खाली था और अरबों रूपए का कर्ज था सो अलग। राज्य में चारों तरफ अराजकता का बोलबाला था। बहुत विकट परिस्थितियों में सपा सरकार ने राज्य की सत्ता संभाली थी। उन्होंने कहा कि सत्ता संभालने के बाद हमने हर चीज को सकारात्मक ढंग से लिया और पूरी ईमानदारी और लगन से अपना काम करते हुये आगे बढ़े। जिसका सुखद नतीजा अब लोगों को दिखने लगा है। उन्होंने कहा कि वह नकारात्मकता में नहीं सकारात्मकता में विश्वास रखते हैं।
श्री यादव ने कहा कि पिछले दो सालों में से ज्यादातर समय उन्हें प्रशासनिक व्यवस्था में सुधार और विकास को पटरी पर लाने में निकल गया। लेकिन अब स्थितियों में बहुत बदलाव हुआ है और विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं। सीमित संसाधनों और केंद्र सरकार से अपेक्षित सहयोग न मिलने के बावजूद हमारी सरकार विकास कार्य कर रही है। आज आप सूबे के किसी भी जिले में चले जाइए, आपको बदलाव नजर आयेगा। हमारे राजनीतिक विरोधी भी मानते हैं कि सपा सरकार के शासनकाल में विकास कार्य हुये हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास के मामले में वह उत्तर प्रदेश को देश का सबसे अव्वल राज्य बनाना चाहते हैं। इस काम में उन्हें सभी की मदद चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके राजनीतिक विरोधी उन्हें जब-तब अलग-अलग मामलों में घेरने की कोशिश करते रहते हैं, लेकिन इससे राजनीतिक विरोधियों को कोई लाभ नहीं मिलता है, सिर्फ विकास कार्य बाधित होते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्षी दलों को सपा सरकार की आलोचना करने के लिये कुछ नहीं मिलता वे निम्न स्तर की राजनीति पर उतर आते हैं। उन्होंने कहा, मैं आलोचनाओं से नहीं घबराता, बल्कि उनसे बहुत कुछ नया सीखता हूँ।
मुख्यमंत्री श्री यादव ने कहा कि 80 लोकसभा सीटों वाले उत्तर प्रदेश पर पर सभी राजनीतिक दलों की निगाहें हैं। सभी राजनीतिक पार्टियां जानती हैं कि केंद्र की सत्ता का रास्ता उत्तर प्रदेश से होकर जाता है। इसीलिये हर पार्टी उत्तर प्रदेश पर फोकस कर रही है। लेकिन मैं स्पष्ट करना चाहता हूँ कि लोकसभा चुनाव में उ.प्र. में सिर्फ समाजवादी पार्टी का बोलबाला रहेगा। दूसरा कोई राजनैतिक दल दूर-दूर तक कहीं नजर नहीं आयेगा। हमारे मुकाबले में कोई भी दल नहीं है। उन्होंने कहा कि अभी जहां दूसरे राजनीतिक दल अपने उम्मीदवारों का ऐलान नहीं कर सके हैं, सपा ने चुनाव प्रचार के लिये अपने गाने और विज्ञापन जारी कर दिये हैं। सपा ने लोकसभा चुनाव के लिये बहुत पहले अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया था तभी से वे अपनी तैयारियों में जुटे हुये हैं। इस तरह अगर देखा जाये तो विधानसभा चुनाव की तरह लोकसभा चुनाव में भी सपा दूसरे दलों से बहुत आगे है। सपा की तैयारी बूथ लेबल तक है। लोकसभा चुनाव में विजय उसे मिलेगी जो ज्यादा से ज्यादा बूथों को जीतेगा। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को पहले से ज्यादा सीटें मिलेंगी।
खबरिया टेलीविजन चैनलों के सर्वे पर पूछे गये एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री श्री यादव ने कहा कि टीवी चैनलों के सर्वे पूरी तरह सच्चाई नहीं बताते हैं। 2012 के विधानसभा चुनाव में एक-दो टीवी चैनलों को छोड़कर बाकी सभी ने भविष्यवाणी की थी कि समाजवादी पार्टी को 150 से ज्यादा सीटें नहीं मिलेंगी, लेकिन जब नतीजे आये तो सारे सर्वे धरे के धरे रह गये। आम आदमी पार्टी के नेता अरविन्द केजरीवाल से सम्बंधित सवाल पर श्री यादव ने पत्रकारों की ओर देखते हुये कहा कि मीडिया ने उन्हें बनाया है और वही उन्हें मिटा देगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा सरकार ने अपने दो वर्षों के कार्यकाल में सभी वर्गों की भलाई के लिये बहुत सारे विकास कार्य किए हैं। बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने के साथ ही सरकार ने स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली और परिवहन के क्षेत्र में बहुत काम किया है। 108 समाजवादी स्वास्थ्य सेवा एंबुलेंस ने लाखों लोगों की जान बचाई है। उन्होंने कहा कि अगले तीन वर्षों में उत्तर प्रदेश में बिजली का इतना उत्पादन होने लगेगा कि लोगों को 24 घंटे बिजली मिलेगी।
श्री यादव ने कहा कि लखनऊ से आगरा के बीच राज्य सरकार खुद छह लेन का एक्सप्रेस वे बनायेगी। एक्सप्रेस वे के निर्माण के लिये कई कंपनियां आगे आई थीं लेकिन उनकी शर्तें ऐसी थीं जो हमें स्वीकार नहीं थीं। हम एक्सप्रेस वे के लिये जरूरत से ज्यादा जमीन अधिग्रहण के पक्ष में नहीं थे लेकिन कंपनियां लैंड पैकेज चाहती थी। उन्होंने स्वीकार किया कि एक्सप्रेस वे के काम में देरी हुई है, लेकिन बहुत जल्दी ही काम शुरू हो जायेगा।
उन्होंने लैपटॉप वितरण, बेरोजगारी भत्ता और कन्या विद्याधन योजना को सरकार की बड़ी उपलब्धि बताते हुये कहा कि कई राज्य सरकारों ने हमारी योजनाओं को अपने यहां शुरू किया है। उन्होंने कहा कि देश के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है जब किसी सूबे की सरकार ने किसानों के लिये नहरों और सरकारी ट्यूबवेलों से सिंचाई मुफ्त कर दी है। सपा सरकार ने अल्पसंख्यकों, मजदूरों, किसानों, शोषितों के कल्याण के लिये अनेक योजनाएं और कार्यक्रम शुरू किये हैं। राज्य की जनता सपा सरकार के कामकाज से बेहद खुश है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2012 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में जनता से जो वायदे किये थे उनमें से ज्यादातर को पूरा किया जा चुका है। जो वायदे किन्हीं कारणों से नहीं पूरे किये जा सके हैं वे भी जल्द ही पूरे किये जायेंगे। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि उनकी सरकार सभी वर्गों और धर्मों के लोगों को एक साथ लेकर आगे बढ़ रही है। कहीं पर भी किसी के साथ कोई भेदभाव नहीं हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून व्यवस्था के मोर्चे पर भी उनकी सरकार ने बहुत काम किया है। जिसके चलते स्थितियों में सुधार भी हुआ है, लेकिन अभी सुधार की बहुत गुंजाइश है। कानून व्यवस्था के मामले में ढिलाई बरतने वाले कई अधिकारियों को सरकार ने दंडित किया है।
संवाददाता सम्मेलन में उत्तर प्रदेश सरकार के लोक निर्माण मंत्री शिवपाल यादव, पंचायती राज मंत्री बलराम यादव, स्वास्थ्य मंत्री अहमद हसन, कारागार मंत्री राजेंद्र चौधरी, खनन मंत्री गायत्री प्रजापति, मनोरंजनकर राज्यमंत्री पवन पांडेय और समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव एस.आर.एस. यादव भी मौजूद थे।

जनादेश न्यूज़ नेटवर्क