नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी नेमोदी और केजरीवाल पर जोरदार हमले करते हुए आरोप लगाया कि मोदी सरकार पूर्ववर्ती संप्रग सरकार द्वारा शुरू की गयी योजनाओं को कमजोर कर रही है।
रविवार को बदरपुर के पास मीठापुर में अपनी पहली चुनावी सभा में सोनिया ने इस क्रम में खाद्य सुरक्षा और भूमि अधिग्रहण का जिक्र करते हुए कहा कि लोकसभा चुनावों में बड़े स्तर पर किए गए वादों के बावजूद भ्रष्टाचार पर काबू के लिए सरकार कुछ नहीं कर रही है। उन्होंने कहा- “कांग्रेस ने समाज के सभी वर्गों खासतौर पर कमजोर वर्गों के लिए कदम उठाए। लेकिन आज मोदी सरकार उन कानूनों और उन योजनाओं को कमजोर करके लोगों के अधिकारों को छीन रही है। यह है इनके अच्छे दिनों के खोखले वादों की असलियत। अगर भाजपा को आपने दिल्ली में मौका दे दिया तो ये आपका क्या हाल करेंगे, इसके बारे में आपको अच्छी तरह से सोचना है। इसी लिए आपको सोच समझकर फैसला करना है।“
सोनिया ने नरेंद्र मोदी और आप प्रमुख अरविन्द केजरीवाल पर एक साथ हमला बोलते हुए कहा कि एक प्रचारक हैं और दूसरा धरनेबाज। इसके साथ ही उन्होंने मतदाताओं से दिल्ली को ऐसे लोगों से बचाने को कहा जो सिर्फ खोखले वादे करते हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली को सुशासन की जरूरत है न कि झूठे वादों की। भाजपा और आप सिर्फ बड़ी बड़ी बातें कर सकती हैं और खोखले वादे कर सकती हैं।
सोनिया ने कहा कि बहाने की राजनीति करने वालों से सतर्क रहने की जरूरत है। देश सिर्फ नारेबाजी से नहीं चल सकता।
केजरीवाल को आड़े हाथों लेते हुए सोनिया ने कहा- “पिछले असेंबली चुनाव के बाद कांग्रेस पार्टी ने दिल्ली में एक ऐसी सरकार बनाने के लिए अपना समर्थन दिया था, जो अच्छा शासन दे और समाज का भाईचारा कायम रखे। लेकिन नतीजा कुछ और निकला। जिनको हमने समर्थन दिया, वे डेढ़ महीने भी सरकार नहीं चला पाए। जिम्मेदारी छोड़कर चले गए।“

प्रधानमंत्री| नरेंद्र मोदी| आप| अरविन्द केजरीवाल| कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी | BJP OVER DOING U-TURN ON POLL PROMISES | Nation| Politics| India| New Delhi| Sonia Gandhi| Badarpur area | दिल्ली विधानसभा चुनाव 2015