उमा भारती को आगे करके खुद को बचाने का प्रयास कर रहे हैं शिवराज

नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने मध्य प्रदेश के व्यापम घोटाले में म.प्र के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर ऊंगली उठाई है।

श्री सिंह ने कहा कि अब हिंदी टीवी चैनलों ने मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में हुये भारी व्यापम घोटाले पर ध्यान देना शुरू किया है। उमा भारती ने इसे चारा घोटाले से बड़ा करार दिया है। उन्होंने कहा कि जो कुछ भी सामने आया है वो सिर्फ एक नमूनाभर है। एमबीबीएस में हुई लगभग सभी नियुक्तियों और दाखिले की जांच होनी चाहिए।

श्री सिंह ने कहा कि शक की सूई अब मुख्यमंत्री पर है। उन्होंने सवाल दागा- “भाजपा और आरएसएस से कोई प्रतिक्रिया नहीं आयी, क्यों?”

कांग्रेस नेता ने शिवराज सिंह चौहान पर उमा भारती को फंसाने का आरोप लगाते हुए कहा कि शिवराज सिंह, उमा भरती को फ्रंट पर लाकर स्वयं को बचाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उमा भारती ने तो स्वयं इस प्रकरण की सीबीआई जांच की मांग की थी, जिसकी शिवराज ने स्वीकृति नहीं दी।

श्री सिंह ने कहा कि यह घोटाला पिछले 7-8 वर्षों से लगातार जारी है जिसके खिलाफ हम आवाज उठाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि केवल यही नहीं बल्कि पिछले वर्षों में पब्लिक सर्विस कमीशन समेत सारी नियुक्तियों व प्रवेश की जांच होनी चाहिए।