सरकार 10 साल में भी काला धन वापस नहीं ला सकती : शरद यादव
नई दिल्ली, 16 नवंबर। जनता दल (युनाइटेड) के राज्यसभा सदस्य शरद यादव ने कहा है कि सरकार के नोटबंदी के फैसले से आम आदमी सबसे अधिक परेशान हो रहा है और सरकार 10 साल में भी काला धन बाहर निकलाने में सक्षम नहीं है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के कभी संयोजक रहे शरद यादव ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि किसान नकदी में ही लेनदेन करता है न कि चेक के जरिए।
राज्यसभा में नोटबंदी पर चर्चा के दौरान शरद यादव ने कहा,
"हम काले धन के खिलाफ हैं और इसे बंद किया जाना चाहिए। लेकिन मेरा दावा है कि सरकार अगले 10 साल में भी विदेशों से वापस नहीं ला पाएगी।"
उन्होंने कहा कि सरकार के इस फैसले के कारण आम आदमी राजधानी ट्रेन से कूदने पर मजबूर हुआ है।

श्री यादव ने कहा,
"सरकार के इस फैसले से सर्वाधिक परेशान आम आदमी ही हुआ है। सारे बाजार बंद हैं, किसान और दिहाड़ी कमाने वालों को भारी परेशानी हुई है।"
उन्होंने सवालिया अंदाज में सरकार से कहा,
"किसान चेक के जरिए लेनदेन नहीं करते। वे नकदी में ही लेनदेन करते हैं। आपने किसानों के लिए क्या व्यवस्था की है? किसानों को आप किस तरह सहूलितय देने वाले हैं?"