सुशासन में निजी कंपनी कर रही लापरवाही, होगी जांच
सुशासन में निजी कंपनी कर रही लापरवाही, होगी जांच
सुशासन में भी निजी क्षेत्र सरकार की किरकिरी कराने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहा है। सामाजिक कार्यकर्ता रजनीश राय ने बिहार के मुख्यमंत्री, ग्रा०का०वि० मंत्री डॉ. भीम सिंह, ग्राम्य विकास विभाग के प्रमुख सचिव व इरकॉन इंटरनेश्नल लिमिटेड के जिम्मेदार लोगों को पत्र लिखकर बताया है कि “प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजनान्तर्गत बिहार राज्य के औरंगाबाद जिलान्तर्गत दाउदनगर एवं हसपुरा प्रखंड के सडकों का एक साथ ग्रुप बनाकर इरकॉन इंटरनेश्नल लिमिटेड को बनाने का जिम्मा मिला था।”
रजनीश ने बताया है कि इरकॉन ने इसे अपने NIT NO. IRCON/CC/TN/ PMGSY/09/573 के माध्यम से PMGSY Package No. BR-02-20 का ओपन टेंडर निकालकर इस कार्य को जिले के ही एक बड़े ठेकेदार को आवंटित किया। इस समूह की एक सड़क जो ठाकुरबिगहा-हसपुरा रोड से बल्हमा तक जाती है तथा इसकी लम्बाई 1.7 Km है, को बने अभी बमुश्किल डेढ़ साल हो रहे हैं. इस रोड पर बहुत कम गाड़ियाँ चलती हैं और भारी वाहन तो कभी नहीं। उन्होंने डेढ़ दर्जन से ज्यादा चित्र नत्थी करके बताया है कि अब मात्र डेढ़ साल में ही उस सड़क की दुर्दशा हो चुकी है।
श्री राय बताते हैं कि उन्होंने सम्बंधित अधिकारियों के पास स़कड बनने के क्रम में भी गुणवत्ता सही नहीं रहने की शिकायत की थी, पर सड़क बनाते समय गुणवत्ता प्राक्कलन के अनुरूप नहीं रही और परिणाम सामने है। उन्होंने आग्रह किया है कि इस रोड का मेंटेनेंस सही तरीके से कराया जाये, क्योंकि निविदा में पाँच वर्ष तक अनुरक्षण एवं रख-रखाव का भी प्रावधान है।
लेकिन इस प्रकरण पर ग्रा.का.वि. मंत्री ने त्वरित संज्ञान लेते हुए शिकायतकर्ता को आश्वासन दिया है कि इसकी जांच कराई जाएगी। रजनीश ने बताया कि “बहुत सुखद आश्चर्य हुआ कि माननीय मंत्री, ग्रामीण कार्य विभाग (बिहार सरकार) डॉ. भीम सिंह ने मेरे द्वारा भेजे गए मेल का त्वरित जवाब दिया और इसकी जाँच कराने का आश्वासन दिए हैं।”


