रोशनी के घर की कुर्की पर महिला कांग्रेस भड़की
Women Congress got angry on the attachment of Roshni Kushal Jaiswal's house, Alka Lamba and Vinesh Phogat targeted the government

अल्का लांबा और विनेश फोगाट ने सरकार पर साधा निशाना
नई दिल्ली, 26 अक्टूबर: महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अल्का लांबा और हरियाणा की विधायक विनेश फोगाट ने आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर वाराणसी की कांग्रेस नेत्री और इंटरनेट हस्ती रोशनी कुशल जायसवाल के घर की कुर्की के आदेश पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। इस दौरान दोनों नेताओं ने सरकार और पुलिस पर जमकर निशाना साधा।
अल्का लांबा ने कहा, "रोशनी सिर्फ राजेश सिंह के परिवार को यह दिखाने गई थी कि उसे बलात्कार की धमकियां दी जा रही हैं। वह पिछले चार साल से न्याय की मांग कर रही थी, लेकिन उसे न्याय नहीं मिला। उसकी नाराजगी में उसने राजेश को दो थप्पड़ जड़ दिए, लेकिन इसके बाद रोशनी के परिवार पर ही कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल में डाल दिया गया और अब उसके घर की कुर्की के आदेश जारी कर दिए गए हैं।"
पुलिस प्रशासन पर विनेश फोगाट ने लगाए गंभीर आरोप
हरियाणा की विधायक विनेश फोगाट ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में हरियाणा के मुख्यमंत्री को लिखे गए महिलाओं के पत्र का जिक्र करते हुए कहा, "हरियाणा में 6-7 महिलाओं ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर एक एसपी के खिलाफ शिकायत की है, जिसमें उन्होंने बताया है कि उनके साथ गलत व्यवहार किया गया है। मैं दावे के साथ कह सकती हूं कि आने वाले समय में उन महिलाओं से यह बयान लिया जाएगा कि हमने ऐसा कुछ नहीं कहा।"
विनेश ने कहा, "मैं आपको यकीन दिलाती हूं, अगर कोई आपको डराने की कोशिश करे, तो आपको सिर्फ एक कॉल करना है। हम आपकी लड़ाई पुरजोर तरीके से लड़ेंगे। एक महिला, बेटी और विधायक होने के नाते मैं हर महिला को विश्वास दिलाती हूं कि: जिस किसी को भी लगता है कि उसके साथ गलत हो रहा है, हम सभी उसके साथ खड़े हैं।"
उन्होंने कहा, "जो आज रोशनी जायसवाल के साथ हो रहा है, वैसा ही हमारे साथ भी हुआ, क्योंकि हम अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने की हिम्मत रखते हैं।"
सैफरन राजेश सिंह पर भी विनेश ने उठाए सवाल
विनेश फोगाट ने सैफरन राजेश सिंह पर भी निशाना साधते हुए कहा, "राजेश सिंह सोशल मीडिया पर महिलाओं के खिलाफ गलत बातें लिखता रहा है, लेकिन बीजेपी सरकार और पुलिस उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।"
महिला कांग्रेस ने दी चेतावनी
महिला कांग्रेस ने साफ शब्दों में कहा है कि यदि रोशनी और उसके परिवार को न्याय नहीं मिला, तो वे आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेंगी। उनका कहना है कि यह लड़ाई सिर्फ एक महिला की नहीं, बल्कि सभी महिलाओं के सम्मान और न्याय के लिए है।
Women Congress got angry on the attachment of Roshni Kushal Jaiswal's house, Alka Lamba and Vinesh Phogat targeted the government


