अखिलेश जी, मुजफ्फरनगर दंगों नहीं सपा को भूल जायेगा मुसलमान- मो0 शुऐब
अखिलेश जी, मुजफ्फरनगर दंगों नहीं सपा को भूल जायेगा मुसलमान- मो0 शुऐब
लखनऊ 02फरवरी 2014। रिहाई मंच के अध्यक्ष मोहम्मद शुऐब ने कहा है कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव द्वारा प्रेस कान्फ्रेंस में मुजफ्फरनगर सांप्रदायिक हिंसा में कुल कितनी मौतें हुयी, के सवाल पर यह कहना कि मुजफ्फरनगर को भूल जाइये, साबित करता है कि सपा सरकार दंगा पीड़ित परिवारों और दंगे में अपनी जान गँवा चुके लोगों के लिये निर्दयता की सारी सीमाओं को पार कर चुकी है। एक मुख्यमंत्री का इस तरह का कथन यह दर्शाता है कि वह सांप्रदायिक हिंसा में हुयी मौतों पर कतई दुखी नहीं है जो कि बेहद शर्मनाक है।
मोहम्मद शुऐब ने कहा कि अखिलेश यादव जिस तरह से मुसलमानों को मुजफ्फरनगर सांप्रदायिक हिंसा के जख्मों को भूल जाने के लिये कह रहे हैं, वह शर्मनाक है। इस बयान से यह साफ हो गया है कि आगामी चुनाव में प्रदेश का मुसलमान मतदाता भी अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी को भूल जायेगा। उन्होंने कहा कि दंगों के बाद सपा सरकार को लगातार क्लीन चिट दे रहे पेड मौलानाओं को भी अखिलेश के इस बयान पर जवाब देना चाहिए। मोहम्मद शुऐब ने कहा कि अखिलेश यादव के इस बयान के बाद सपा को जिताने के लिये दिन रात काम कर रहे पेड मौलानाओं को भी अपनी स्थिति प्रदेश की आम जनता के सामने स्पष्ट करनी चाहिए।


