अखिलेश ने पेश की मिसाल
अखिलेश ने पेश की मिसाल
लखनऊ। लोकसभा चुनाव से पहले मीडिया से दुर्व्यवहार करने वाले और चुनाव में जबर्दस्त चोट खाए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री लगता है फिर से सोशल मीडिया पर भी न केवल सक्रिय हो गए हैं बल्कि सोशल मीडिया व मीडिया से मिलनी वाली खबरों पर तुरंत एक्शन भी ले रहे हैं।
आज प्रातः सपा नेता योगेश यादव ने मुख्यमंत्री की फेसबुक वॉल पर एक खबर का स्नैपशॉट लगाया था जिसमें खबर थी कि किस तरह गोंडा जिले के बलुआघाट पर 50 बरातियों की जान एक लकड़ी का पुल पार करते समय बाल-बाल बची। बताया जाता है यह खबर रीजनल न्यूज चैनल्स पर भी चलने लगी।
थोड़ी ही देर में रीजनल न्यूज चैनल्स के मार्फत ही खबर मिली कि मुख्यमंत्री ने गोंडा की टेढ़ी नदी के बलुआघाट पर पक्का पुल स्वीकृत कर दिया है।
ऐसी खबर को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्यवाही कर अखिलेश यादव ने मिसाल कायम की है।
सपा नेता आशीष सिंह राजा ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा है- मुख्यमंत्री ने त्वरित फैसला लेकर अपनी प्रसाशनिक क्षमता का भरपूर प्रदर्शन किया है। देश भर में जनता जनार्दन के दर्द को एक अख़बार के फोटो को देखकर पुल पक्का करने के आदेश देने वाले अखिलेश अकेले और पहले मुख्यमंत्री हैं। उत्तर प्रदेश की जनता उन्हें दिल की गहराइयों से धन्यवाद दे रही है। उनके दरियादिली की पूरे देश भर में चर्चा हो रही है। गोंडा के नवाबगंज तुलसीपुर में ही लाखों लोगो को पक्का पुल होने से जान माल की सुरक्षा का फायदा होने जा रहा है।


