अखिलेश यादव ने योगी आदित्यनाथ पर कसा तंज, कहां है एंटी रोमियो स्क्वॉड
अखिलेश यादव ने योगी आदित्यनाथ पर कसा तंज, कहां है एंटी रोमियो स्क्वॉड
लखनऊ, 26 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उप्र की योगी सरकार पर तंज कसते हुए कहा है कि विदेशी पर्यटकों को सेल्फी लेने के लिए पीटा जा रहा है। उप्र का एंटी रोमियो स्क्वॉड कहां है।
फतेहपुर सीकरी में स्विस जोड़े की पिटाई के मामले में अखिलेश यादव ने ये बातें कहीं।
श्री यादव आज सपा के कार्यालय में पत्रकार वार्ता को सम्बोधित कर रहे थे।
अखिलेश ने कहा, एंटी रोमियो स्क्वॉड का क्या हुआ। एक विदेशी युगल को फतेहपुर सिकरी में सेल्फी लेने के लिए पीटा गया। प्रदेश में अप्रत्याशित रूप से अपराध और लूट की घटनाओं में इजाफा हुआ है। कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो गई है।"
बता दें कि स्विटजरलैंड के क्वेंटिन जेरेमी अपनी गर्लफ्रेंड मैरी ड्रोज के साथ 30 सितंबर को भारत घूमने आए थे। रविवार को दोनों फतेहपुर सीकरी रेलवे स्टेशन के नजदीक घूम रहे थे। दोनों सेल्फी ले रहे थे। इसी बीच कुछ लड़कों ने मैरी पर कमेंट किया और विदेशी जोड़े के साथ मारपीट की गई। पुलिस ने गुरुवार को इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उससे पूछताछ की जा रही है।
उधर अखिलेश की प्रेस कांफ्रेंस के बाद मुख्यमंत्री तुरंत हरकत में आए और यूपी के डीजीपी को फ़तेहपुर सीकरी की घटना पर कठोरतम कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
#UPCM श्री #YogiAdityanath ने फ़तेहपुर सीकरी की घटना पर कठोरतम कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। https://t.co/3fll7i1Ilg
— CM Office, GoUP (@CMOfficeUP) October 26, 2017


