अनपरा डी के मजदूरों के हितों के लिए होगा आंदोलन
लाल मैदान में हुई ठेका मजदूरों की आमसभा

अनपरा, सोनभद्र 29 दिसम्बर। आइपीएफ के प्रदेश संगठन प्रभारी दिनकर कपूर ने कहा है कि अनपरा डी परियोजना में लगातार औद्योगिक अशांति का वातावरण बनाकर इस परियोजना को विलम्बित किया जा रहा है और इस विलम्ब के जरिए करोड़ो रूपए का घोटाला हो रहा है। परियोजना विलम्ब के कारणों की उच्चस्तरीय जांच करायी जायेगी और इसके लिए दोषी कम्पनियों पर अर्थदण्ड लगाने के लिए दबाब बनाया जायेगा।

श्री कपूर आज लाल मैदान में ठेका मजदूर यूनियन द्वारा आयोजित आमसभा में बतौर मुख्य वक्ता अपने विचार रख रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पैदा हो रहे अभूतपूर्व बिजली संकट के हल के लिए अनपरा डी परियोजना में औद्योगिक शांति का माहौल बनाकर इसका निर्माण अतिशीध्र पूरा करना चाहिए। इस औद्योगिक शांति के लिए जरूरी है कि अनपरा का प्रबंधतंत्र, श्रम विभाग और प्रशासन अतिशीध्र मजदूरों से वार्ता कर मजदूरों की समस्याओं को हल करें और अपनी गैर कानूनी कार्रवाईयों को बंद कर मजदूरों के कानूनी अधिकारों को उन्हें प्रदान करें।

गौरतलब है कि 1000 मेगावाट की अनपरा डी तापीय परियोजना के निर्माण कार्य को वर्ष 2011 में ही पूरा हो जाना था पर और आज स्थिति यह है कि 2013 भी खत्म हो गया पर परियोजना का कार्य पूरा नहीं हुआ। जानकारों का तो यहां तक कहना है कि 2016 तक परियोजना पूरी होनें की कोई सम्भावना नहीं है। इस परियोजना के विलम्बित होने के कारण अरबों रूपए इसकी लागत बढ़ गयी जिसका बोझ सरकारी खजाने पर पड़ा है। इतना ही नहीं प्रदेश में पैदा हो रहे बिजली संकट के लिए सरकार बड़े कारपोरेट घरानों से अत्यधिक महंगी बिजली खरीदने में लगी हुई है और लगातार बिजली दरों को बढ़ाने में लगी है।

बोनस के सवाल पर मजदूरों की हुई जीत पर बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि अनपरा ए और बी में हाईकोर्ट तक दौड़ लगाने के बाद भी यूनियन के प्रयासों के कारण इस पूरे इलाके के ठेका मजदूरों के बोनस को रोक देने के संविदाकारों की कोशिश की शिकस्त हुई है। अनपरा डी में भी जो कम्पनियां मजदूरों के बोनस को कम करने की कोशिश कर रही है उनके सम्पूर्ण आय-व्यय की जांच करायी जायेगी और उन कम्पनियों के लाभ के अनुसार मजदूरों को बोनस का भुगतान कराया जायेगा। उन्होंने कहा कि जो लोग सार्वजनिक सम्पत्ति और मजदूरों के अधिकारों पर डाका डाल रहे है उनके विरूद्ध चैतरफा आंदोलन होगा।

सभा को सम्बोधित करते हुए ठेका मजदूर यूनियन के जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र पाल ने कहा कि अनपरा डी में की जा रही मजदूरों की गैरकानूनी छटंनी को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा और बैठक कर अनपरा डी में आंदोलन की धोषणा की जायेगी।

सभा को यू0पी0 वर्कर्स फ्रंट के प्रदेश महासचिव राजेश सचान, आइपीएफ के नेता प्रमोद चौबे, संजय गुप्ता, अजीत कुमार, अनपरा डी के संयोजक संजय वर्मा, प्रमोद दूबे, समरेज खान, केदार सिंह आदि ने सम्बोधित किया और संचालन तेजधारी गुप्ता ने किया।