अबकी बार लंबी कतार : सारे एटीएम ठीक होने में दो हफ्ते लग सकते हैं
#अबकी_बार_लंबी_कतार : सारे एटीएम ठीक होने में दो हफ्ते लग सकते हैं। कल ट्विटर पर #बैंको_में_कतार_मोदी_जी_फरार हैशटैग ट्रेंड करने के बाद आज #अबकी_बार_लंबी_कतार ट्रेंड करता रहा।
#अबकी_बार_लंबी_कतार : सारे एटीएम ठीक होने में दो हफ्ते लग सकते हैं
नई दिल्ली, 12 नवंबर 2016। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विमुद्रीकरण योजना आम आदमी के लिए बवाल-ए-जान बन गई है, ऊपर से सरकार ने त्रस्त जनता के जख्मों पर नमक छिड़कते हुए स्पष्ट किया है कि एटीएम मशीनों को तकनीकी दृष्टि से दुरूस्त करने में दो हफ्ते का वक्त लग सकता है।
केंद्रीय वित्त मंत्री अरूण जेटली ने एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि एटीएम मशीनों को दुरूस्त करने का काम तेजी से किया जा रहा है लेकिन तकनीकी दृष्टि से हर मशीन को अलग-अलग ठीक करने की जरूरत है इसलिये उन्हें चालू करने में वक्त लग रहा है।
यह पूछे जाने पर कि सारी एटीएम मशीनों को ठीक होने में कितना समय लग सकता है, उन्होंने बताया कि देश भर में दो लाख से अधिक एटीएम मशीने हैं जिन्हें चालू करने का काम जारी है। जहां तक सारी मशीनों का प्रश्न है तो इन्हें फिर से चालू करने में दो हफ्ते का वक्त लग सकता है।
आगे चलकर सबको इसका फायदा होगा
काला धन पर अंकुश लगाने के लिये 500 और 1000 के नोट का प्रचलन बंद करने के मोदी सरकार के निर्णय के बाद लोगों को नकदी हासिल करने में हो रही दिक्कतों के बारे में श्री जेटली कहा कि कुछ दिनों तक लोगों को परेशानी हो सकती है लेकिन आगे चलकर सबको इसका फायदा होगा।
उन्होंने कहा कि पुराने नोट बदलने की बैंकिंग प्रक्रिया थोड़ी लंबी है इसलिये जिन्हें तुरंत नकदी चाहिये वे अपने खाते में सीधे जमाकर नकदी निकाल सकते हैं।
उधर कल ट्विटर पर #बैंको_में_कतार_मोदी_जी_फरार हैशटैग ट्रेंड करने के बाद आज #अबकी_बार_लंबी_कतार ट्रेंड करता रहा।


