अब भारतीयों को फ्री में वीज़ा नहीं देगा हांगकांग
अब भारतीयों को फ्री में वीज़ा नहीं देगा हांगकांग
नई दिल्ली, 22 जनवरी। हांगकांग में कारोबार और छुट्टियां बिताने जाने वाले भारतीयों को बड़ा झटका लगा है। अब भारतीयों को हांगकांग जाने के लिए सबसे पहले पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा, क्योंकि हांगकांग की सरकार ने वीजा मुक्त सुविधा को वापस ले लिया है।
माना जा रहा है कि चीन के दबाव में हांगकांग ने यह बड़ा फैसला लिया है, क्योंकि हांगकांग चीन का विशेष प्रशासित क्षेत्र है।
हांगकांग आव्रजन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक भारतीय नागरिकों के लिए हांगकांग में प्रवेश करने के लिए ऑनलाइन आगमन पूर्व पंजीकरण जरूरी होगा। इसके साथ ही आगमन पूर्व पंजीकरण 23 जनवरी से लागू हो जाएगा और पंजीकरण की ऑनलाइन सेवा भी जल्द शुरू कर दी जाएगी। हालांकि पंजीकरण सामान्य तौर 6 महीने के लिए वैध होगा। आपको बता दें कि अब तक हांगकांग भारतीयों को बिना वीजा के केवल वैध पासपोर्ट पर 14 दिनों तक रहने की इजाजत देता था। इस सुविधा को खत्म करने के पीछ हांगकांग की सरकार ने शरण की चाहत रखने वाले भारतीयों की बढ़ती संख्या का हवाला दिया है।
हालांकि भारतीय अधिकारियों का कहना है कि हांगकांग शरण का बहाना बना रहा है। शरण चाहने वाले भारतीयों की संख्या बेहद कम है।
लाखों सैलानियों से होने वाली आय से हांगकांग की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलती है। ऐसे में भारतीयों को दी जाने वाली वीजा मुक्त सुविधा को वापस लेने से भारत और हांगकांग के रिश्तों पर क्या असर पड़ता है यह तो फिलहाल आनेवाला वक्त ही बता पाएगा।


