Aaj Ki Taza Khabar: आज की टॉप टेन न्यूज़ क्या है? | today's top 10 news

आज सुबह की टॉप 10 खबरें | Top 10 news of this morning | आज की दस बड़ी खबरें | आज की अन्य बड़ी खबरें

संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम (UNEP) ने कहा है कि दुनिया भर में बढ़ती गर्मी व ताप लहरों की स्थिति से निपटने के उपाय प्रकृति में ही मौजूद हैं, और भविष्य में उच्च तापमान से होने वाली मौतों की रोकथाम के लिए, शहरी प्रशासन को प्राकृतिक समाधानों में निवेश शुरू कर देना चाहिए. हाल के सप्ताहों में, दुनिया भर में तापमान बढ़ गया है. संयुक्त राज्य अमेरिका से लेकर चीन तक, अनेक देशों में, झुलसा देने वाली तापलहर चल रही है. रोम के कोलोसियम जैसी जगहों पर, पारा रिकॉर्ड 40 डिग्री सैल्सियस तक पहुँच गया, जिससे पर्यटक गर्मी में तप गए. मराकेश में तापमान 46.8 डिग्री सैल्सियस के चौंकाने वाले स्तर तक पहुँच गया.

'मोदी उपनाम' मानहानि मामले में कांग्रेस के पूर्व अध्‍यक्ष राहुल गांधी की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट आज सुनवाई करेगा। इस मामले में उनकी सजा पर निलंबन से गुजरात हाई कोर्ट के इनकार को उच्‍चतम न्‍यायालय में उन्‍होंने चुनौती दी है।

उद्यान उत्सव-II के अंतर्गत अमृत उद्यान 16 अगस्त, 2023 से एक महीने (सोमवार को छोड़कर) के लिए जनता के लिए खुलेगा। 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर पर यह विशेष रूप से शिक्षकों के लिए खुला रहेगा। उद्यान उत्सव-II का उद्देश्य आगंतुकों को ग्रीष्मकालीन वार्षिक फूलों को दिखाना है।

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कल लोक सभा में दिल्ली राष्ट्रीय राजधानी राज्यक्षेत्र शासन (संशोधन) विधेयक, 2023 पर चर्चा का जवाब दिया। लोक सभा ने विधेयक को पारित कर दिया। विधेयक पर चर्चा का जवाब देते हुए अमित शाह ने कहा कि विपक्ष को लोकतंत्र, देश व जनता की चिंता नहीं है, बल्कि अपने गठबंधन को बचाने के लिए पूरा विपक्ष एकत्रित हुआ है और विपक्ष के इस दोहरे चरित्र को आज पूरा भारत देख रहा है।

राज्यसभा ने कल अपतटीय क्षेत्र खनिज (विकास और विनियमन) संशोधन विधेयक, 2023 पारित कर दिया। इस विधेयक का उद्देश्य अपतटीय क्षेत्र खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम 2002 (ओएएमडीआर अधिनियम) में संशोधन करना है। लोकसभा ने इसे बीती 01 अगस्त को पारित किया था। विधेयक को अब राष्ट्रपति को सहमति के लिए भेजा जाएगा।

कैबिनेट सेक्रेटरी राजीव गौबा को एक साल का सेवा विस्तार दिया गया है। उन्हें पहले भी दो बार एक्सटेंशन मिल चुका है। कैबिनेट नियुक्ति समिति ने राजीव गौबा के सेवा विस्तार को हरी झंडी दी। राजीव गौबा झारखण्ड कैडर के 1982 बैच के एक भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारी हैं। इससे पहले वह भारत के गृह सचिव भी रह चुके हैं। वह अगस्त 2019 से कैबिनेट सचिव के रूप में काम कर रहे हैं।

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने नागरिक-केंद्रित एकीकृत मोबाइल एप्लीकेशन 'राजमार्ग यात्रा' की शुरुआत के साथ राजमार्ग का उपयोग करने वाले लोगों के अनुभव को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। यह उपयोगकर्ता-अनुकूल ऐप अब गूगल प्ले स्टोर और आईओएस ऐप स्टोर दोनों पर डाउनलोड के लिए उपलब्ध है, जो यात्रियों को भारतीय राष्ट्रीय राजमार्गों पर व्यापक जानकारी के साथ ही एक कुशल शिकायत निवारण प्रणाली भी प्रदान करता है। ऐप फिलहाल हिंदी और अंग्रेजी में उपलब्ध है।

सुप्रीम कोर्ट दिल्‍ली आबकारी नीति से जुड़े भ्रष्‍टाचार और धन शोधन मामलों में दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की जमानत याचिकाओं पर आज सुनवाई करेगा।

मणिपुर में जातीय हिंसा में मारे गए लोगों को सामूहिक रूप से दफनाने से पहले कल बिष्णुपुर और चुराचांदपुर जिलों में सुरक्षा बलों के साथ झड़प के दौरान कम से कम 17 लोग घायल हो गए।

सूडान में गहराते खाद्य संकट के सम्बन्ध में गुरूवार को संयुक्त राष्ट्र के खाद्य व कृषि संगठन (FAO) ने एक गम्भीर चेतावनी जारी की है। ग़ौरतलब है कि सूडान, युद्ध के साथ ही, आर्थिक पतन का भी सामना कर रहा है। संगठन (FAO) ने कहा है कि सूडान में दो करोड़ से भी अधिक लोग, गम्भीर खाद्य अभाव का सामना कर रहे हैं। इस संख्या में, पिछले वर्ष की तुलना में, लगभग दोगुना वृद्धि हुई है।

ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी