आयकर संशोधन बिल पारित कर मोदी सरकार ने कालेधन को जीवनदान दिया- आइपीएफ
नोटबंदी के बाद कालेधन पर छूट जनता से धोखा- अजीत यादव
बबराला, 29नवम्बर। आल इण्डिया पीपुल्स फ्रंट(आइपीएफ)के प्रवक्ता अजीत सिंह यादव ने कहा है कि मोदी सरकार ने आयकर संशोधन बिल पारित कर काले धन को जीवनदान दे दिया है।
आज जारी बयान में अजीत सिंह यादव ने कहा कि नोटबंदी कर काले धन पर चोट करने का दावा करने वाली मोदी सरकार ने आयकर संशोधन बिल पारित कर कालेधन को वाकओवर दे दिया है। भ्रष्टाचार द्वारा जनता के धन व देश के संसाधनों को लूटकर जुटाये कालेधन पर आधी छूट कुछ और नहीं कालेधन को वैधता देना है। अब भ्रष्टाचारों ,लुटेरों ,घोटालेबाजों से मोदी सरकार यह भी नहीं पूछेगी कि उन्होंने वह धन कहां से जुटाया और उनके कालेधन को वैध कर देगी। यह कालेधन के खिलाफ संघर्ष की देश की जनता की भावना के साथ धोखा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को यदि कालेधन को छूट ही देनी थी तो नोटबंदी क्यों की ,जनता को परेशानी में क्यों डाला जिसमें सैकडों लोगों की जान चली गई ,करोड़ों लोगों का रोजगार छिन गया, देश में मंदी छा गई।

इससे साबित हो गया है कि कालेधन के खात्मे के मामले में नोटबंदी विफल रही है।
श्री यादव ने कहा प्रधानमंत्री मोदी व उनकी सरकार कालेधन का खात्मा नहीं चाहते। जिस प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना की बात मोदी सरकार कर रही है वह वास्तव में प्रधानमंत्री काला धन कल्याण योजना है।
उन्होंने कहा कि देश की जनता मोदी सरकार भ्रष्टाचार व काले धन के खिलाफ नकली लडाई से अपने आपको छला हुआ महसूस कर रही है। जनता चाहती है कि देश में भ्रष्टाचार व कालेधन के खिलाफ मुकम्मल लडाई हो। मोदी सरकार कालेधन पर आधी छूट बंद करे, पूरे काले धन की जब्ती करे। सभी राजनेताओें, नौकरशाहों, पूंजीघरानों की सम्पत्ति की जांच कराई जाये उनकी आय से अधिक सारी सम्पत्ति जब्त की जाये।