इन सांसद महोदय ने संसद में मोदी के लगा दिए 10 सिर

नई दिल्ली, 27 दिसंबर। अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन करने के लिए चर्चित तेलुगुदेशम् पार्टी (तेदेपा) के सांसद एन. शिव प्रसाद आज संसद भवन परिसर में दशानन बनकर आए और उनके सभी मुखौटों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अलग-अलग तस्वीरें थीं।

आज सुबह संसद की कार्यवाही शुरू होने से पहले आंध्र प्रदेश के चित्तूर से तेदेपा सांसद डॉ. नारमल्ली शिवप्रसाद (एन. शिव प्रसाद) दशानन बनकर आए थे। श्री प्रसाद ने जो मुखौटा लगा रखा था उसमें नौ सिर थे और हर सिर पर प्रधानमंत्री मोदी की ही तस्वीर थी तथा दसवाँ स्वयं उनका चेहरा था। उन्होंने गले पर पार्टी का पीला पट्टा डाल रखा था। उन्हें इस अजीबो-गरीब वेश-भूषा में देखकर उनकी तस्वीर तथा फुटेज लेने के लिए वहाँ मीडियाकर्मियों की भीड़ जुट गई।

आँध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा देने तथा राज्य के लिए अन्य माँगों को लेकर तेदेपा सांसद कई दिनों से संसद में प्रदर्शन कर रहे हैं। अभिनेता से नेता बने श्री शिव प्रसाद ( Dr. Naramalli Sivaprasad) हर दिन नए अंदाज में अलग-अलग रूपों में आते हैं। वह पहले भी विष्णु, कृष्ण, शिखंडी, लोक कथा वाचक, हिटलर आदि बनकर संसद में आते रहे हैं।

अन्य तेदेपा सदस्य महात्मा गाँधी की प्रतिमा के सामने प्रदर्शन कर रहे थे तथा आँध्र का वादा पूरा करो और हमें न्याय चाहिये” के नारे लगा रहे थे। उन्होंने हाथों में तख्तियाँ और पोस्टर ले रखे थे जिन पर आँध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा देने और वहाँ रेलवे जोन बनाने संबंधी माँगें लिखी हुई थीं।

अपनी-अपनी माँगों को लेकर वाईएसआर कांग्रेस पार्टी और अन्नाद्रमुक ने भी महात्मा गाँधी की प्रतिमा के सामने प्रदर्शन किया। वाईएसआर कांग्रेस के सांसद भी आँध्र प्रदेश के लिए विशेष राज्य का दर्जा माँग रहे हैं जबकि अन्नाद्रमुक कावेरी नदी पर नए बाँध के निर्माण का विरोध कर रही है।

क्या यह ख़बर/ लेख आपको पसंद आया ? कृपया कमेंट बॉक्स में कमेंट भी करें और शेयर भी करें ताकि ज्यादा लोगों तक बात पहुंचे