इस आग से दिल्ली को बचाएँ
इस आग से दिल्ली को बचाएँ
नई दिल्ली। “त्रिलोकपुरी और बवाना जैसी घटनाओं को एक बड़ी राजनीतिक साजिश के तहत दिल्ली विधान सभा के आसन्न चुनावों से पहले दो समुदायों के बीच ध्रुवीकरण और साम्प्रदायिक तनाव को बढ़ाने के लिए कराई जा रही हैं। यह घटनाक्रम साम्प्रदायिक ताकतों द्वारा देश में अन्य जगहों पर अंजाम दी गई इसी तरह की कार्रवाइयों से बिल्कुल मेल खाता है जहाँ चुनवी फायदे के लिए दंगे और साम्प्रदायिक ध्रुवीकरण कराया गया।“
ऑल इण्डिया पीपुल्स फोरम तैयारी समिति की बैठक में आज साझा बयान जारी कर दिल्ली में शांति और सद्भाव बनाने की अपील की गई।
विजय प्रताप (समाजवादी समागम), कविता कृष्णन {भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन}, गौतम मोदी {नेशनल ट्रेड यूनियन इनीशियेटिव (एनटीयूआई)}, जॉन दयाल, एन डी पंचोली (पीपुल्स यूनियन ऑफ सिविल लिबर्टीज), सिटीजन फॉर डेमोक्रेसी, श्रीनिवासन रमानी (लेफ्ट कलेक्टिव), एवं रफीक जब्बार मुल्ला (एसडीपीआई) के संयुक्त हस्ताक्षरों से जारी अपील में कहा गया है कि मुहर्रम के अवसर पर त्रिलोकपुरी, बवाना, मुण्डका और दिल्ली के अन्य कई इलाकों में बनाया जा रहा साम्प्रदायिक तनाव दिल्ली शांति और सद्भाव के लिये भारी खतरा है। पूरे देश में मुस्लिम समुदाय हर साल मुहर्रम के मौके पर जुलूस निकालते रहे हैं। एक गैरकानूनी 'महापंचायत' आयोजित कर बवाना में इस जुलूस को निकालने से रोकना गैरकानूनी है, इसे स्वीकार नहीं किया जा सकता। ऐसी कानून से हट कर लगायी गयी पंचायतों के फैसलों के आगे पुलिस और प्रशासन का झुक जाना संदेहास्पद और अस्वीकार्य है।
बयान में दिल्ली की जनता से अपील की गई है कि शांति और साम्प्रदायिक सौहार्द बनाये रखें। आज के समय में सहिष्णुता और अल्पसंख्यकों के अधिकारों के प्रति सम्मान बेहद जरूरी है। अनेकता में एकता से बिल्कुल समझौता नहीं किया जाना चाहिए। हम सभी से अपील करते हैं कि साम्प्रदायिक ताकतों के विरूद्ध संगठित हों और शांतिप्रिय जनता के बीच तनाव पैदा करने की कोशिशों को नाकाम करें।
ऑल इण्डिया पीपुल्स फोरम तैयारी समिति में शामिल सभी घटकों ने पुलिस व प्रशासन से मांग की है कि मुस्लिम समुदाय को सालाना मुहर्रम के जुलूस निकालने की इजाजत हर हाल में दी जाय, जो कि उनका संविधान प्रदत्त अधिकार है। अपील में मांग की गई है कि दिल्ली के उपराज्यपाल और देश के गृह मंत्री हिंसा भड़काने वाले और मुहर्रम के जुलूस को निशाना बनाने वाले तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुये शांति स्थापित करने की जिम्मेदारी निभायें।
Harmony Initiative


