उ प्र विधानसभा में आदिवासियों के लिए सीट आरक्षित करने के लिए धरना
नई दिल्ली। आल इण्डिया पीपुल्स फ्रंट (आइपीएफ) समर्थित आदिवासी अधिकार मंच की तरफ से कल दिनांक 9 नवम्बर 2016 को जंतर-मंतर, नई दिल्ली पर उ प्र विधानसभा में आदिवासियों के लिए सीट आरक्षित करने के लिए एक दिवसीय धरना का आयोजन किया जा रहा है।
आइपीएफ प्रवक्ता दिनकर कपूर ने बताया कि उ प्र में ग्यारह लाख की आबादी आदिवासी समुदाय की है, इनको आबादी के अनुपात में विधानसभा में सीट आरक्षित करने का आदेश माननीय उच्चतम न्यायालय ने 2012 में दिया था जिसके अनुपालन में तात्कालीन सरकार ने अध्यादेश व विधेयक लाया।
उन्होंने बताया कि अध्यादेश के आलोक में भारत निर्वाचन आयोग ने उ प्र की दुद्धी व ओबरा विधानसभा सीट अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित करने की अधिसूचना भी जारी कर दी। परन्तु केन्द्र की भाजपा सरकार द्वारा 4 जुलाई 2014 को राज्यसभा में विधेयक वापस लेने के कारण यह अधिसूचना लागू नहीं हो पायी और उ प्र के आदिवासी राजनीतिक प्रतिनिधित्व से ही वंचित हो गए।
इस धरने के माध्यम से उ प्र विधानसभा चुनाव के पूर्व केन्द्र सरकार से अध्यादेश लाकर दुद्धी व ओबरा विधासभा सीट अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित करने की मांग को उठाया जायेगा और इस सम्बंध में प्रधानमंत्री को पत्रक भी दिया जायेगा।
धरना का नेतृत्व उ0 प्र0 सरकार के पूर्व मंत्री विजय सिंह गोंड़ करेंगे। इस घरना प्रदर्शन को आल इण्डिया पीपुल्स फ्रंट (आइपीएफ) के राष्ट्रीय संयोजक अखिलेन्द्र प्रताप सिंह, स्वराज अभियान के राष्ट्रीय अध्यक्ष अधिवक्ता प्रशांत भूषण, स्वराज इण्डिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष योगेन्द्र यादव, सीपीआई (एम) पोलित ब्यूरो सदस्य का0 वृंदा करात एवं अन्य जनवादी आंदोलन के नेता सम्बोधित करेंगे।