ऊना के हालात के लिए ज़िलाधिकारी भी कम ज़िम्मेदार नहीं
ऊना के हालात के लिए ज़िलाधिकारी भी कम ज़िम्मेदार नहीं
अभिषेक रंजन सिंह
ऊना (गुजरात) में गिर सोमनाथ के ज़िलाधिकारी डॉ. अजय कुमार से 15 अगस्त को होने वाली दलित अस्मिता रैली के संबंध में कई बातें हुईं.
बातचीत के क्रम में कलेक्टर साहब से मैंने सवाल किया- प्रस्तावित इस रैली को लेकर इलाक़े में काफ़ी तनाव है.
ख़ासकर काठ दरबार (राजपूत) बहुल गांवों में लोग जत्थे बनाकर हमला कर सकते हैं, जिसकी जानकारी प्रशासन को भी है. ऐसे में क्या आपने निर्गत किए गए लाइसेंसी बंदूकें/ राइफल जो यहां के लोगों के नाम पर हैं, क्या उसे हालात सुधरने तक गन हाउस में जमा कराने का आदेश दिया है?
इस गंभीर सवाल पर कलेक्टर डॉ. अजय कुमार ने कहा यह गुजरात और गांधी की धरती है, यहां उत्तर प्रदेश और बिहार की तरह हिंसक वारदातें नहीं होती हैं. इस ज़िले में केवल 800 लोगों के पास लाइसेंसी हथियार हैं. इसलिए चिंता की कोई बात नहीं है,
लेकिन स्वतंत्रता दिवस के मौक़े पर ऊना में रैली से लौट रहे दलितों के ऊपर दरबार (राजपूत) बहुल अति संवेदनशील सामेतर गांव के लोगों ने फायरिंग की, जिसमें 11 लोग गंभीर रूप से ज़ख्मी हुए हैं. सभी घायलों का इलाज़ ऊना के सरकारी अस्पताल में चल रहा है.
इस घटना के बाद कस्बाई शहर ऊना में पुलिस चौकसी बढ़ा दी गई है.
इस हिंसक घटना के जितने ज़िम्मेदार सामेतर गांव के लोग हैं, उतने ही ज़िम्मेदार ज़िलाधिकारी भी हैं, क्योंकि उन्हें यह बखूबी पता था कि ऊना में पिछले कई दिनों से तनावपूर्ण स्थिति है, बावजूद इसके उन्होंने लाइसेंसी हथियारों को ज़ब्त करने का आदेश नहीं दिया.
यह एक बड़ी प्रशासनिक भूल है, जो ऊना के हालात के लिए सही नहीं है.
अभिषेक रंजन सिंह की फेसबुक टाइमलाइन से


