एएसआइ कर्मियों ने स्मारक परिसरों में साफ सफाई करके जताया विरोध
एएसआइ कर्मियों ने स्मारक परिसरों में साफ सफाई करके जताया विरोध
नई दिल्ली, 27 मार्च। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआइ) में भर्ती नियमावली व विभागीय पुनर्गठन की मांग को लेकर एएसआइ मुख्यालय के कर्मचारी सोमवार को सामूहिक अवकाश पर रहे। जबकि एएसआइ के करीब 31 सर्कल कार्यालयों में कार्यरत कर्मचारियों और अधिकारियों ने भी सामूहिक अवकाश में भाग लिया। वहीं, दोपहर तीन बजे के बाद कार्यालय पहंचे कर्मचारियों और अधिकारियों ने मुख्यालय परिसर में सफाई अभियान चला कर भी विरोध दर्ज कराया।
एएसआइ कर्मियों ने अपनी मांगों को लेकर सोमवार को न सिर्फ देश के 31 सर्कल कार्यालयों के अलावा स्मारक परिसरों में साफ सफाई की बल्कि पर्यटकों को पानी की बोतलें भी खरीद कर दीं।
एसोसिएशन ऑफ सर्विंग आर्कियोलॉजिस्ट के अध्यक्ष सुजीत नयन ने बताया कि पिछले तीस सालों से पुराविदो, फोटो्ग्राफर, उद्यान शाखा, संग्रहालय, पुरालिपिक समेत कई अन्य विशेषज्ञों के साथ अन्याय हो रहा है। लिहाजा एएसआइ के अधिकारियों को विरोध प्रदर्शन का सहारा लेना पड़ा है।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में एसोसिएशन ने संस्कृति मंत्रालय के सचिव एन के सिन्हा को ज्ञापन सौंपा है और अपनी बात रखी है। अगर फिर भी मांगे पूरी नहीं की जाएंगी तो हड़ताल पर विचार किया जाएगा।
गौरतलब है कि कर्मचारियों के विरोध प्रदर्शन के चलते एएसआइ के महानिदेशक राकेश तिवारी ने शनिवार को जारी आदेश के जरिये सभी कर्मचारियों के अवकाश 31 मार्च तक रद्द कर दिए थे।


