डीबी लाइव

छत्तीसगढ़ के सुकमा में सीआरपीएफ जवानों पर हमला होने के बाद कथित माओवादियों का एक ऑडियो सामने आया है। माओवादियों ने ऑडियो के जरिए अपने हमले को सही साबित करने की कोशिश की है।

क्लिप को कथित रूप से माओवादियों के राजनीतिक संगठन दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी ऑफ CPI (माओवादी) ने जारी किया है।

ऑडियो में दावा किया गया है कि उन लोगों ने ही 11 मार्च और 24 अप्रैल को सीआरपीएफ के जवानों पर हमले किए।

ऑडियो के मुताबिक, ये हमले फासीवादी सरकार और ऑपरेशन ग्रीन हंट का जवाब देने के लिए किए गए थे।

ऑडियो 16 मिनट और 42 सेकेंड का है। इसको हिंदी में जारी किया गया है।

ऑडियो में कहा गया है कि 2016 में सरकार ने उनके कैडर्स पर हमले किए जिसमें छत्तीसगढ़ में छह लोगों के अलावा ओडिशा में भी 21 लोग मारे गए थे।

माओवादियों ने यह भी दावा किया है कि भारतीय फोर्स के लोग आदिवासी महिलाओं का यौन शोषण करते हैं। उनके नंगे वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में शेयर करते हैं।

ऑडियो में कहा गया है कि यह हमला आदिवासी महिलाओं की गरिमा और सम्मान के लिए था।

ऑडियो में बोल रहे शख्स ने खुद को DKSZC का प्रवक्ता ‘विकल्प’ बताया।

बता दें कि 24 अप्रैल को छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में नक्सलवादियों ने सीआरपीएफ की एक टीम पर हमला किया था। उस हमले में 25 जवान शहीद और छह गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे।

खबरों के मुताबिक, लगभग 300 नक्सलवादियों ने मिलकर इस हमले को अंजाम दिया था। वहीं मौके पर कुल 99 जवान मौजूद थे। वे जवान उस इलाके में सड़क बनाने में मदद कर रहे थे।

बताया गया कि नक्सलियों के पास रॉकेट लॉन्चर्स और AK47 जैसे हथियार भी थे।

हालाँकि डीबी लाइव इस ऑडियो की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।