कई राज्यों में बारिश और बाढ़ का कहर
कई राज्यों में बारिश और बाढ़ का कहर
DBLIVE | 20 August 2016 | Heavy rainfall across the states lead to flood
देश के कई राज्यों में बारिश और बाढ़ का कहर बरपा हुआ है।
बाढ़ प्रभावित राज्यो में उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, असम, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश और झारखंड शामिल हैं।
आसमान से बरसती आफत ने जहां लोगों का जीना मुहाल कर रखा है, वहीं उफान मारती नदियां भी लोगों को डरा रही हैं। उत्तर प्रदेश से लेकर उत्तराखंड, बिहार, मध्य प्रदेश समेत देश के कई राज्य पानी-पानी हैं, जिससे लोगों का जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त है।
उप्र में भारी बारिश और बाढ़ से ग्यारह लोगों की मौत हो गई है।
वाराणसी में हो रही बारिश से पानी घरों और दुकानों में पहुंच गया है। सड़कों पर सैलाब आया हुआ है। गंगा खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। अस्सी घाट समेत शहर के सभी 84 घाट पानी में डूब चुके हैं।
हालात ये है कि अब नदी के बजाय सड़कों पर नावें चल रही हैं।
मध्य प्रदेश के रीवा जिले में भी बाढ़ जैसे हालात हैं।
निचली बस्तियों के साथ-साथ मैदानी इलाकों में भी बाढ़ का पानी जमा हो गया है।
बिहार के हालात भी कुछ ऐसे ही हैं।
बिछिया नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। बिछिया नदी और निपनिया नदी का पुल डूब चूका है और बड़ा पुल डूबने वाला है। जिले के दो दर्जन से ज्यादा मोहल्लों में पानी भर गया है।
उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में भारी बारिश के बाद लोगों का जीना मुश्किल हो गया है।
कई गांवों में बाढ़ का पानी भर गया है। रास्ता टूटने की वजह से कई गांवों का संपर्क टूट गया है। बिजली व्यवस्था ठप्प हो चुकी है। लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाने के लिए सेना को भी लगाया गया है। बाढ़ से निपटने के लिए एनडीआरएफ की एक अतिरिक्त टीम बुलाई गई है।


