डिम्पल यादव ने कन्नौज सीट से नामांकन दाखिल किया
कन्नौज, 3 अप्रैल। समाजवादी पार्टी की उम्मीदवार डिम्पल यादव ने वृहस्पतिवार को कन्नौज लोकसभा सीट से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की पत्नी और कन्नौज की निवर्तमान सांसद डिम्पल यादव दोपहर 12 बजे अपने चार प्रस्तावकों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंची और जिला निर्वाचन अधिकारी के समक्ष पर्चा दाखिल किया। इस दौरान कनाडा में सांसद रूबी ढिल्लन विशेष रूप से मौजूद थीं।
बादामी रंग की साड़ी पहने और चेहरे पर मंद-मंद मुस्कान लिए डिम्पल यादव जब नामांकन दाखिल करने जा रही थीं तो लोगों ने जगह-जगह पर उनकी कार पर गुलाब की पंखुड़ियों की वर्षा कर उनका स्वागत किया। इस दौरान लोगों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा बलों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
नामांकन पत्र दाखिल करने से पहले डिम्पल यादव ने के.के. कॉलेज में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि वह विकास के मुद्दे पर अपना चुनाव लड़ेंगी। समाजवादी पार्टी ने कन्नौज के विकास के लिए बहुत काम किए हैं। हमेशा से कन्नौज समाजवादियों का गढ़ रहा है। समाजवादी पुरोधा डॉ. राम मनोहर लोहिया, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव, उत्तर प्रदेश के वर्तमान मुख्यमंत्री अखिलेश यादव यहां से सांसद रह चुके हैं। कन्नौज की जनता ने मुझे निर्विरोध जिताकर लोकसभा में भेजा है। मुझे पूरा भरोसा है कि इस बार भी कन्नौज की जनता मुझे अपना सांसद चुनकर लोकसभा भेजेगी। यह मेरे लिए बहुत गर्व की बात है कि कन्नौज की जनता ने मुझे अपनी सेवा करने का मौका दिया है। जनसभा में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और उनकी सरकार के कई मंत्री भी मौजूद थे।
उन्होंने कहा कि जिस तरह अर्जुन की निगाह मछली की आंख पर थी उसी तरह कन्नौज और उत्तर प्रदेश जनता की निगाह समाजवादी पार्टी पर है। लोग सपा उम्मीदवारों को भारी मतों से विजयी बनाकर लोकसभा में भेजेंगे। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को भारी सफलता मिलेगी। जिधर देखिए उधर सपा की लहर है। सपा के मुकाबले कोई दूसरा दल नहीं है। समाजवादी पार्टी की सरकार के कामकाज से लोग बेहद खुश हैं। लोकसभा चुनाव के लिए सपा ने अपने घोषणा पत्र में देशवासियों से जो वादे किए हैं, केंद्र में सरकार बनने पर सभी वादे पूरे किए जाएंगे।
डिम्पल यादव ने सपा सरकार की उपलब्धियों की चर्चा करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश विकास की राह पर लगातार आगे बढ़ रहा है। उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा सीटें जीतेगी। और सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव देश के अगले प्रधानमंत्री होंगे। लोगों को लग रहा है कि देश में समाजवादी पार्टी ही ऐसी पार्टी है जो उनके सपनों को पूरा कर सकती है।
जनादेश न्यूज़ नेटवर्क