कश्मीर के स्थानीय निकाय चुनाव : भाजपा उम्मीदवारों को निर्विरोध जिताने के लिए अन्य उम्मीदवारों को नहीं दी जा रही सुरक्षा

कश्मीर के स्थानीय निकाय चुनाव में पैंथर्स उम्मीदवार सुरक्षा से वंचित

श्रीनगर के पैंथर्स उम्मीदवार ने मजबूरन नामांकन वापस लिया

जम्मू, 06 अक्तूबर। जम्मू-कश्मीर नेशनल पैंथर्स पार्टी के मुख्य संरक्षक प्रो.भीमसिंह ने कश्मीर में नगर निगम एवं स्थानीय निकाय चुनाव लड़ने वाले सभी पैंथर्स उम्मीदवारों को जम्मू-कश्मीर पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जानबूझकर सुरक्षा न देने पर दुख और आश्चर्य व्यक्त किया है।

प्रो. भीम सिंह ने जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल श्री सत्यपाल मलिक को लिखे अपने संदेश में राज्यपाल द्वारा गुजरे बुधवार को दिये गये साहसपूर्ण वक्तव्य की, जो इंडियन एक्सप्रेस में प्रकाशित हुआ है, प्रशंसा करते हुए दुख के साथ कहा कि एक राष्ट्रवादी एवं जम्मू-कश्मीर के शोषित लोगों के लिए समर्थित नेशनल पैंथर्स पार्टी वर्तमान प्रशासन, खासतौर पर उन लोगों द्वारा जो पुलिस और सचिवालय की जिम्मेदारी सम्भालते हैं, जानबूझकर नजरअंदाज किया जा रहा है।

उन्होंने राज्यपाल से बताया कि जिन पैंथर्स उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल कर दिये हैं और जिनके नामांकनों को वैध करार दिया गया है, अधिकारी परेशान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह सब इसलिए हो रहा है ताकि भाजपा उम्मीदवार निर्विरोध चुन लिये जायं। उन्होंने कहा कि यह ना तो प्रजातंत्र या ना ही कानून का शासन है। यह सब जम्मू-कश्मीर की वर्तमान प्रशासन द्वारा पुलिस की सहायता से चुनाव प्रक्रिया के साथ किया जा रहा धोखा है।

प्रो.भीमसिंह ने कहा कि उनकी अपील की बावजूद प्रशासन ने कोई ध्यान नहीं दिया, जिसके कारण पैंथर्स पार्टी के एक उम्मीदवार को श्रीनगर नगर निगम चुनाव से अपना नामांकन मजबूरन वापस लेना पड़ा।

स्टेट लीगल एड कमेटी ने जम्मू-कश्मीर प्रशासन को चेतावनी दी है कि कश्मीर के इन हालातों से यह स्पष्ट होता है कि जम्मू-कश्मीर प्रशासन स्वयं चुनाव प्रक्रिया को असफल बनाना चाहता है। स्टेट लीगल एड कमेटी ने सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता प्रो.भीमसिंह को अधिकार दिया है कि वे पैंथर्स उम्मीदवार और वरिष्ठ नेताओं को सुरक्षा दिलाने के लिए सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाएं, जिससे पैंथर्स उम्मीदवारों और नेताओं को कश्मीर के अन्य उम्मीदवारों एवं नेताओं के समान सुरक्षा मिल सके।

ज़रा हमारा यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब करें