13 मई से लखनऊ में जनपथ, टैंपो स्टैंड से शुरू होगा हस्ताक्षर अभियान
लखनऊ, 12 मई 2014। नागरिक परिषद ने केन्द्र सरकार के पेट्रोलियम मंत्रालय द्वारा मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस के दबाव में आगामी 17 मई को जारी होने वाले गैस मूल्य वृद्धि आदेश को देश की गरीब जनता के खिलाफ सरकार का जनविरोधी कदम करार दिया है। गैस मूल्य वृद्धि के खिलाफ जनजागरुकता के लिए जगह-जगह बैठकों का आयोजन हो रहा है।
इसी क्रम के आज लाटूश रोड पर हुई बैठक में नागरिक परिषद के राम कृष्ण ने कहा कि पेट्रोलियम मंत्री वीरप्पा मोइली द्वारा मुकेश अंबानी के दबाव में जारी किए जा रहे गैस मूल्य वृद्धि की अधिसूचना से देश में सीएनजी, एलपीजी समेत सभी प्राकृतिक गैस का दाम दो गुना हो जाएगा। जिससे टैंपो-टैक्सी-बस का किराया, खाद, बिजली उत्पादन, रोड ट्रांसपोर्ट, गैस से चलने वाले बेकरी जैसे विभिन्न लघु उद्योग प्रभावित होंगे। किन्तु राज्योरोहण की प्रतीक्षा में खड़े नरेन्द्र मोदी सहित किसी पार्टी ने इस मुद्दे पर अपना रुख साफ नहीं किया है और न ही वर्तमान काम चलाऊ सरकार के इस कदम की निंदा की है। नागरिक परिषद की बैठक को संबोधित करते हुए रिहाई मंच अध्यक्ष व वरिष्ठ अधिवक्ता मोहम्मद शुऐब ने कहा कि रिलायंस कंपनी से सभी गैस कुएं, तेल कुएं रिफाइनरीज, पाइप लाईनें छीनकर सरकारी कंपनी ओएनजीसी को सौंपने के लिए जनता में अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने मांग की कि घरेलू गैस का दाम तत्काल घटाया जाए और बारह सिलेंडरों की सालाना सीमा समाप्त की जाए। मजदूर नेता केके शुक्ला ने कहा कि मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस के हिसाब और खातों की गहन जांच की जाए, रिलायंस से लाभ प्राप्त करने वाले नेताओं को जेल भेजा जाए और मुकेश अंबानी से लाभ प्राप्त करने वाली पार्टियों पर प्रतिबंध लगाया जाए। ऐसी पार्टियां और नेता देश द्रोही और जनद्रोही हैं, देश के नागरिक इन्हें अब और बर्दाश्त नहीं करेंगे।
बैठक में निर्णय लिया गया कि सबसे पहले गैस मूल्य वृद्धि का प्रभाव ऑटो-टैम्पो वाहन मालिकों व यात्रियों पर होगा ऐसे में 13 मई से रोज शाम साढ़े 4 बजे से 8 बजे तक गैस मूल्य वृद्धि के खिलाफ जन हस्ताक्षर अभियान लखनऊ के विभिन्न टैंपो-आटो स्टैंडों पर चलाया जाएगा। 13 मई को टैप्पो स्टैंड जनपथ, 14 मई को टैम्पो स्टैंड, रविन्द्रालय, चारबाग, 15 मई को टैंपो स्टैंड मुंशी पुलिया चैराहा इंदिरा नगर, 16 मई टैंपो स्टैंड अमीनाबाद पर हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। बैठक में डा0 नरेश कुमार, जैद अहमद फारुकी, आदियोग, कौशल किशोर, ओम प्रकाश, एहसानुल हक मलिक, सैयद मोहम्मद वसी, फरीद खान, जिया, शरद जायसवाल, हैदर और राजीव यादव आदि विभिन्न संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।