कोर्ट में ‘आप’ नेताओं को मिली जान से मारने की धमकी, AAP ने लिखा गृह मंत्री को पत्र
कोर्ट में ‘आप’ नेताओं को मिली जान से मारने की धमकी, AAP ने लिखा गृह मंत्री को पत्र
नई दिल्ली,26मार्च। बीती 25 मार्च को पटियाला हाउस कोर्ट में चीफ़ मेट्रोपॉलिटिन मजिस्ट्रेट सुमित दास की अदालत में ‘आप’ नेताओं को कथित तौर पर मिली जान से मारने की धमकी को लेकर पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष राघव चड्ढा ने केंद्रीय गृह मंत्री को चिठ्ठी लिखी है।
आप का आरोप है कि 25 मार्च को पटियाला हाउस कोर्ट में वित्त मंत्री अरुण जेटली बनाम अरविंद केजरीवाल एवं अन्य के एक मुक़दमे की सुनवाई के दौरान अरुण जेटली के पक्ष की तरफ़ से हाज़िर वकीलों के हुजूम में मौजूद एडवोकेट विवेक शर्मा ने सभी 'आप' नेताओं को जान से मारने की धमकी दी थी और कोर्ट के बाहर सभी को देख लेने की धमकी कोर्ट परिसर के अंदर ही खुलेआम दी थी।
पार्टी की एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि आम आदमी पार्टी के नेताओं की तरफ़ से अदालत में पेश हुए वकील ने इस बात की आधिकारिक शिकायत माननीय चीफ़ मेट्रोपॉलिटिन मजिस्ट्रेट सुमित दास की कोर्ट से भी की है। विवेक शर्मा नाम का वो शख़्स कोर्ट में एडवोकेट के परिधान में मौजूद था और केंद्रीय मंत्री श्री अरुण जेटली के पक्ष की तरफ़ से हाज़िर वकीलों के हुजूम का हिस्सा था। एडवोकेट विवेक शर्मा की तरफ़ से वो धमकी दिल्ली के मुख्यमंत्री श्री अरविंद केजरीवाल के लिए भी थी जो अपने आप में एक बेहद ही गंभीर मामला बन जाता है।
पार्टी ने कहा है कि अदालत परिसर में उसी राज्य के मुख्यमंत्री को जान से मारने की धमकी खुलेआम देना यह साबित करता है कि धमकी देने वाले को उसके राजनीतिक आकाओं का आशीर्वाद हासिल है, क्योंकि उन्हीं राजनीतिक आकाओं की सरकार के हाथ में दिल्ली की कानून व्यवस्था भी है।
आम आदमी पार्टी ने केंद्रीय गृह मंत्री से गुज़ारिश की है कि इस तरह के गंभीर मामले पर जल्द से जल्द और सख़्त कार्रवाई करें ताकि किसी भी तरह की कोई अप्रिय घटना ना घटे।


