गाजियाबाद/दिल्ली। हिंदू धर्म पर बहुत बारी संकट आ गया है और हिंदू रक्षक अब एक-एक से निपट लेंगे! कथित हिंदू धर्म की रक्षा के लिए आम आदमी पार्टी के दफ्तर पर हमला हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार किसी हिंदू रक्षा सेना ने आप के दफ्तर पर प्रशांत भूषण के बयान से नाराज होकर हमला किया है। मीडिया में हिंदू रक्षा सेना के अध्यक्ष विष्णु गुप्ता ने हमले की बात कबूल की है। बताया जाता है कि हमलावर 30 से 40 की संख्या में थे। दफ्तर पर ईंट व पत्थर से हमला किया गया।

आम आदमी पार्टी (आप) नेता प्रशांत भूषण के कश्मीर पर दिए गए बयान के विरोध में लगभग 40 लोगों ने बुधवार को गाजियाबाद स्थित पार्टी मुख्यालय पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावर आप के कौशांबी स्थित मुख्यालय में जबरन घुस आए और इसकी खिड़कियों के शीशे व फूलदान को तोड़ दिया और आप नेताओं को अपशब्द कहा। हमलावर हिंदूवादी संगठन रक्षा दल के सदस्य थे और वे यहां लगभग 20 मिनट तक मौजूद रहे और निकलने से पहले आप नेताओं पर भविष्य में भी हमला करने की धमकी दी। आप कार्यकर्ता दिलीप पांडे ने कहा, "हमले के वक्त हमारे सभी स्वयंसेवियों को कार्यालय के अंदर आने की सलाह दी गई।" उन्होंने बताया कि हमलावर किसी खास समुदाय के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। क्या यह हमला कश्मीर घाटी में सेना की तैनाती पर भूषण के बयान के विरोध में किया गया था, इसके जवाब में पांडे ने कहा, "यह संभव हो सकता है।" हमलावरों की उम्र 20 से 40 साल के बीच थी और वे चार से पांच कार से आए थे। कौशांबी स्थित आप का कार्यालय दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के निजी आवास से थोड़ी दूरी पर स्थित है।

उधर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यालय पर हुए हमले की निंदा की और यह सवाल उठाया कि क्या हमलावरों की मंशा उनके सहयोगी प्रशांत भूषण की हत्या करना था। केजरीवाल ने यहाँ मीडिया से कहा, "क्या वे भूषण को मारना चाहते थे? क्या यही उनका मकसद था? क्या वे मुझ पर और भूषण पर हमला करना चाहते थे? वे क्या चाहते थे?"

मुख्यमंत्री ने कहा कि कश्मीर में सेना की तैनाती पर भूषण के दिए गए बयान पर खुद भूषण और पार्टी ने स्पष्टीकरण दिया है। केजरीवाल ने कहा कि हमलावर उन पर या भूषण पर हमला करने के लिए मुक्त हैं, अगर उन्हें लगता है कि वे कश्मीर की समस्या का हल निकाल सकते हैं। उन्होंने कहा, "लेकिन हिंसा किसी राष्ट्रीय समस्या का हल नहीं करती है।"

केजरीवाल ने कहा कि हिंदूओं के भगवान राम ऐसी कोई सेना नहीं बनाते, जो आप के कार्यालय पर हमला करने जैसी हरकतें करते। उन्होंने खुद को हिंदू करार देते हुए कहा कि वह हमलावरों से अपील करते हैं कि वे राम के सिद्धांतों का पालन करें। केजरीवाल ने कहा कि आप इसका बदला नहीं लेगी। उन्होंने कहा, "हमारी बदला लेने की मंशा नहीं है।"

आम आदमी पार्टी के नेता प्रशांत भूषण ने कहा है कि ये हमला बीजेपी के इशारे पर हुआ है।

वरिष्ठ पत्रकार विवेक दत्त मथुरिया ने कहा है- भगवा ब्रिगेड के लोगों द्वारा गाजियाबाद स्थिति आम आदमी पार्टी के कार्यालय पर जो तोड़-फोड़ की है वह उन्माद की राजनीति करने वालों की हताशा को दर्शा रहा है, यह भारतीय संविधान और लोकतंत्र के प्रति घोर अनास्था का प्रतीक है। ऐसे हताश लोगों को दुनिया के तानाशाहों के अंत की कहानी जरूर पढ़नी चाहिए। सब लोग प्रेम और शांति के साथ रचनात्मक बदलाव के हामीदार हैं। यही अपने देश की विलक्षणता रही है। ऐसे लोगों के मंसूबे जनता ने कभी परवान नहीं चढ़ने दिए। वे इस सबक को हर बार भूल जाते हैं....

मीडिया में आई खबरों के मुताबिक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धमेन्द्र सिंह ने बताया कि इस मामले में अब तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है हालांकि कुछ हमलावरों की पहचान कर ली गयी है। इनमें कुछ गाजियाबाद के निवासी हैं जिनकी गाड़ियों के नंबर दर्ज कर लिये गए हैं। हमलावरों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई की जायेगी।

हिंदी के कई लेखकों ने सामूहिक वक्व्य जारी कर आप के दफ्तर पर दक्षिणपंथी ताकतों के हमले का कड़ा विरोध किया है और राजनीति में संघ गिरोह द्वारा गुंडागर्दी को मूल्य की तरह स्थापित किये जाने की कोशिशों का पुरजोर विरोध किया है। दिल्ली/उत्तर प्रदेश एवं केंद्र शासन से लेखकों ने मांग की है कि इन लोगों को अविलम्ब कार्यवाही करते हुए तुरत गिरफ्तार किया जाए और उचित कानूनी सजा दिलाई जाय।