आंवले में इतने पोषक तत्व मौजूद होते हैं कि उनके बारे में जानकर आप हैरान हो जाएंगे। आंवला खाने से आपकी इम्यूनिटी बढ़ती है, बाल झड़ऩा रूक जाते हैं, एजिंग प्रक्रिया धीमी होती है और ऐसे ही ढेर सारे लाभ मिलते हैं, इस खट्टे फल को खाने से। इसलिए बहुत ज़रूरी है कि आप अपने खानपान में आंवला को ज़रूर शामिल करें।
कच्चा आंवला
आंवले को खाने का सबसे अच्छा तरीका उसे उसके नेचुरल रूप में खाना ही है। यानी आंवले को काटकर उसे ऐसे ही कच्चा खा लें। आप टेस्ट के लिए इसमें काला नमक या शहद की कुछ बूंदे भी मिलाकर खा सकते हैं।
आंवला जूस
आंवला कच्चा नहीं खाया जा रहा तो आंवला जूस बनाकर पिये। इसके लिए आंवले को पानी, नमक और काली मिर्च के साथ मिक्सी में पीस लें। हर सुबह इसे पियें। इसके अलावा आप बाज़ार से बने बनाए आंवले के जूस की बोतल भी ले सकते हैं, बस ध्यान रखें कि उसमें ज़्यादा शुगर मिली हुई न हो।
आंवला कैंडी
ये उन लोगों के लिए है जो कच्चा आंवला नहीं खा सकते। आंवला कैंडी मीठी और खट्टी दोनों तरह की आती हैं। हालांकि इसमें आंवला ही है लेकिन फिर भी ज़्यादा मात्रा में इसे न खाएं, क्योंकि आंवले के साथ-साथ इसमें अन्य तत्व भी शामिल हैं।
आंवला चटनी
आंवला की चटनी बनाकर खाने में शामिल करना एक अच्छा तरीका है आंवला खाने का। इस चटनी को आप रोटी, परांठे, सैंडविच किसी के भी साथ खा सकते हैं। चटनी को एक बार बनाकर लंबे वक्त के लिए फ्रिज में भी रखा जा सकता है। इसके अलावा, आंवले का मुरब्बा, आंवले का अचार, सलाद में आंवला, सब्ज़ी में आंवला आदि तरीकों से भी आप आंवले का सेवन कर सकते हैं।
देशबन्धु