खालसा कॉलेज और विवेकानंद कॉलेज के छात्रों और शिक्षकों ने किया प्रेम सिंह का स्वागत
खालसा कॉलेज और विवेकानंद कॉलेज के छात्रों और शिक्षकों ने किया प्रेम सिंह का स्वागत
नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र में सोशलिस्ट पार्टी (इंडिया) से चुनाव लड़ रहे डॉ. प्रेम सिंह के समर्थन में एक रोड शो का आयोजन किया गया। ये रोड शो कड़कड़डूमा से शुरू होकर ओल्ड सीलमपुर में जाकर खत्म हुआ। इस दौरान समर्थकों का लंबा हुजूम डॉ प्रेम सिंह के साथ चल रहा था। रोड शो में लोगों से संवाद करते डॉ प्रेम सिंह का खालसा कॉलेज और विवेकानंद कॉलेज में ज़ोरदार स्वागत किया गया।
इस दौरान मौजूद शिक्षकों और छात्रों ने डॉ सिंह को समर्थन का भरोसा दिया। उपस्थित छात्रों की भीड़ ने जमकर नारेबाज़ी की।
खालसा कॉलेज के प्राचार्य डॉ. जसविंदर सिंह ने इस दौरान अपनी बात रखी। उन्होंने डूटा में प्रेम सिंह के योगदान को याद किया और दिल्ली यूनिवर्सिटी के 4 साल स्नातक पाठ्यक्रम (FYUP)की मुखालफत करने पर धन्यवाद दिया। इस दौरान विवेकानंद कॉलेज के शिक्षक और छात्र भी मौजूद थे। विवेकानंद कॉलेज के मुख्य गेट पर भी डॉ प्रेम सिंह का जोरदार स्वागत किया गया।
विवेकानंद कॉलेज के प्राचार्य ने पूर्वी दिल्ली की जनता से डॉ प्रेम सिंह को समर्थन देने की अपील की। रोड शो में डॉ प्रेम सिंह के साथ वरिष्ठ पत्रकार अरुण कुमार त्रिपाठी, वरिष्ठ अधिवक्ता गजेन्द्र सिंह, दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रो. हंसराज, डॉ कैलाश, डॉ अश्विनी कुमार और प्रो. कान्हाराम मौजूद रहे ।
रोड शो के दौरान आम लोगों के बीच सोशलिस्ट पार्टी के पर्चे बांटे गए, और नवउदारवाद के मुक़ाबले सामाजिक न्याय की लड़ाई को मजबूत बनाने के लिए समर्थन मांगा गया। प्रचार अभियान में डॉ प्रेम सिंह ने लोगों से सीधा संवाद किया और धन, बल और बाहुबल के मुक़ाबले एक सही उम्मीदवार चुनने के लिए बैट्री टॉर्च चुनाव चिन्ह पर बटन दबाने की अपील की।
चुनाव में डॉ प्रेम सिंह को जनता दल यूनाइटेड और सीपीआई ने समर्थन दिया है।


