नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी से 17 साल पुराना सम्बंध तोड़कर हाल ही में अलग हुये जनता दल (यूनाइटेड) के अध्यक्ष शरद यादव ने केन्द्रीय मंत्री चरण दास महंत के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

शरद यादव ने आरोप लगाया है कि उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के डोंडिया खेड़ा गाँव में सोने की खुदाई के लिये केन्द्रीय मंत्री चरण दास महंत ने अंध विश्वास फैलाने का काम किया है और इसके लिये उनके खिलाफ मुकदमा दायर किया जाना चाहिए।

एक समाचारपत्र में प्रकाशित खबर के मुताबिक जनता दल (यू) के अध्यक्ष ने मंगलवार को यहां पत्रकारों से कहा कि मुझे पता चला है कि कुछ लोग अंध विश्वासी हो गये हैं लेकिन मुझे सरकार की इस खुदाई में बहुत दुख हुआ है जो खुद ही अंधविश्वास को बढ़ावा दे रही है। एक साधु के सपने के आधार पर भारतीय भूगर्भ सर्वेक्षण एवं पुरातत्व सर्वेक्षण ने सोना, चांदी पाने के लिए खुदाई भी शुरु कर दी है। उन्होंने कहा कि सरकार ने जो यह काम किया है वह दूसरे देशों में कभी नहीं होता है और लोग इसे पचा भी नहीं पा रहे हैं। अगर एएसआई ने खुद यह खुदाई शुरु की होती तो वह दूसरी बात होगी पर किसी साधु के सपने के आधार पर सरकार इस तरह की खुदाई करे तो लगता है कि केन्द्र में बैठी सरकार बिना दिमाग के ही चल रही है।

श्रई यादव ने कहा, मैंने अपने जीवन में कभी अंध विश्वास का समर्थन नहीं किया है और कोई व्यक्ति ऐसे अंधविश्वास से अमीर नहीं बन सकता। मुझे मालूम है कि खुदाई में कुछ भी ठोस नहीं निकलेगा। श्री यादव ने कहा कि अगर सोना नहीं निकलता है तो सरकार की छवि बहुत खराब होगी और समय की भी बर्बादी होगी। एएसआई के अधिकारियों को भी आगाह कर दिया जाना चाहिए कि अगर कुछ नहीं मिला तो उनके खिलाफ कार्रवाई भी हो सकती है।