दिल्ली का जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) एक बार फिर विवादों में है।

यूनिवर्सिटी कैंपस के अंदर कश्मीर की आजादी वाले पोस्टर लगाए गए हैं, जिस पर माहौल गरमाता दिख रहा है।

पोस्टर में कश्मीर की तुलना फिलस्तीन से की गई है, जिसमें कश्मीर की आजादी की बात कही गई है। हालांकि जेएनयू के छात्रों का कहना है कि ये पोस्टर करीब एक साल से यहां लगा है, लेकिन दिल्ली विश्वविद्यालय में हुए ताज़ा विवाद के बाद अचानक यह मामला उठ गया है।

आरोप है कि लेफ़्ट के छात्र संगठन DSU यानी डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स यूनियन ने इस पोस्टर को लगाया है। यह संगठन करीब एक साल पहले जेएनयू में सक्रिय था। कैंपस में देशविरोधी नारे लगाने के कथित आरोपी उमर खालिद और अनिर्बान भट्टाचार्य इसके सदस्य थे।

दूसरी तरफ विवाद बढ़ता देख अब जेएनयू प्रशासन ने विवादास्पद पोस्टरों को हटाने का आदेश दिया।

इधर, दिल्ली पुलिस का कहना है कि पोस्टर को लेकर जेएनयू प्रशासन से कोई शिकायत नहीं मिली है, शिकायत मिलने के बाद ही वे कार्रवाई करेंगे।

आपको बता दें कि इन दिनों दिल्ली विश्वविद्यालय में देशद्रोह और राष्ट्रवाद को लेकर दंगल छिड़ा हुआ है। और ऐसे वक्त में जेएनयू से पोस्टर सामने आया है जिसके बाद अब यूनिवर्सिटी प्रशासन सतर्क हो गया है।